स्पोर्ट्स

US Open 2026: एरिना सबालेंका की तूफानी जीत, दो बार की चैंपियन ने पोलिना को सिर्फ 53 मिनट में हराया

Aryna Sabalenka US Open 2026: नंबर 1 सीड सबालेंका ने बुधवार रात को पोलिना इयात्सेन्को को सिर्फ 53 मिनट में 6-1, 6-1 से हरा दिया। पिछली दो बार की चैंपियन एरिना सबालेंका ने बहुत ही आसानी से जीत हासिल करके महिला सिंगल्स के तीसरे राउंड में जगह बना ली है।

Image

एरिना सबालेंका तीसरे दौर में पहुंचीं (फोटो साभार- US Open)

Aryna Sabalenka US Open 2026: पिछली दो बार की चैंपियन एरिना सबालेंका ने यूएस ओपन में अपना दमदार खेल दिखाना जारी रखा है। उन्होंने बहुत ही आसानी से जीत हासिल करके महिला सिंगल्स के तीसरे राउंड में जगह बना ली है। बारिश के कारण कई मैच रुके रहे, लेकिन सबालेंका का मैच बिना किसी रुकावट के पूरा हुआ। नंबर 1 सीड सबालेंका ने बुधवार रात को पोलिना इयात्सेन्को को सिर्फ 53 मिनट में 6-1, 6-1 से हरा दिया। पिछले कुछ टूर्नामेंट में उनका खेल अच्छा नहीं रहा था, लेकिन इस मैच में उन्होंने जोरदार शॉट खेले और ऐसा लगा कि वह अपनी पुरानी फॉर्म में वापस आ गई हैं।

जीत के बाद क्या बोलीं सबालेंका

जीत के बाद सबालेंका ने कहा, "आज मैंने जैसा टेनिस खेला, उससे मैं बहुत खुश हूं। मैंने सिर्फ अपने खेल पर ध्यान दिया और यह मैच जीतकर मुझे खुशी हो रही है।" बारिश की वजह से टूर्नामेंट में काफी दिक्कत हुई। सिर्फ आर्थर ऐश स्टेडियम और लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में छत होने के कारण वहां मैच बिना रुके चल सके, बाकी कोर्ट पर खेल रोकना पड़ा। तीसरे राउंड में पहुंचने वाली दूसरी बड़ी खिलाड़ी जेसिका पेगुला रहीं। उन्होंने सोफिया केनिन को 6-3, 6-1 से हराया और इस मैच में सिर्फ 56 मिनट लगे।

कैसे रहे पुरुष वर्ग के मुकाबले

पुरुष वर्ग में 8वें सीड बेन शेल्टन ने ह्यूबर्ट हुरकाज़ को 6-3, 5-7, 7-6 (3), 7-5 से हराया। वहीं 7वें सीड दानिल मेदवेदेव ने सेबेस्टियन गोरज़नी को 6-3, 6-3, 7-5 से मात दी। बारिश के कारण कई मैच टालने पड़े थे, यहां तक कि पहले राउंड के कुछ मैच बुधवार को खेले गए। इनमें ऑस्ट्रेलिया के छठे सीड एलेक्स डी मिनौर भी थे, जिन्होंने इटली के एंड्रिया गुरिएरी को 6-2, 6-2, 6-4 से हराया।

स्पेन की पाउला बडोसा का मैच मंगलवार को बारिश में रुक गया था, जब वह जीत से सिर्फ एक गेम दूर थीं। उन्होंने बुधवार को वापसी करते हुए डारिया कासात्किना को 6-1, 6-4 से हराया। बडोसा ने कहा, "मुझे पता ही नहीं था कि मुझे दो पॉइंट खेलने हैं या छह।" 19 साल के स्पेन के राफेल जोडर को भी अपना पहला राउंड पूरा करने के लिए बुधवार तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने चीन के बू युनचाओकेते को 6-2, 6-1, 6-1 से हराया। पहले राउंड के आखिरी मैच बुधवार देर रात खत्म हुए। एलेक्स मिशेलसन ने उलटफेर करते हुए 16वें सीड ब्रैंडन नाकाशीमा को 6-3, 6-4, 6-4 से हराया।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article