दिग्गज फुटबॉलर माराडोना की दुबई से चोरी हुई घड़ी भारत में मिली, पुलिस ने ऐसे पकड़ा चोर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2021, 01:41 PM IST

Maradona's Stolen Watch Recovered: डिएगो माराडोना की दुबई से चोरी हुई घड़ी भारत के असम में मिली है। चोर अपने पिता के अस्वस्थ होने का बहाना बनाकर आया था।

दिग्गज फुटबॉलर माराडोना की दुबई से चोरी हुई घड़ी भारत में मिली, पुलिस ने ऐसे पकड़ा चोर

गुवाहाटी: दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी डिएगो माराडोना की कथित तौर पर दुबई से चुरायी गयी घड़ी शनिवार को असम के शिवसागर जिले से बरामद की गयी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी व्यक्ति दुबई में एक कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में कार्यरत था। यह कंपनी अर्जेंटीना के दिवंगत फुटबॉलर के सामान का संरक्षण कर रही थी।

माराडोना का पिछले साल 25 नवंबर को 60 साल की उम्र में निधन हो गया था। पुलिस महानिदेशक भास्कर ज्योति महंत ने कहा कि आरोपी पर उस तिजोरी का सामान चुराने का संदेह था जिसमें कीमती हुबोल्ट घड़ी भी रखी गयी थी। उन्होंने कहा कि कंपनी में कुछ दिन काम करने के बाद आरोपी अगस्त में असम लौट आया था। उसने अपने पिता के अस्वस्थ होने का बहाना बनाकर अवकाश लिया था।

अधिकारी ने कहा कि दुबई पुलिस ने आरोपी के बारे में भारत को सूचना दी जिसके बाद असम पुलिस हरकत में आयी। आरोपी को सुबह चार बजे उसके आवास से गिरफ्तार किया गया और घड़ी बरामद कर ली गयी। मुख्यमंत्री हिमांता बिस्वा सरमा ने कहा कि दिग्गज माराडोना की घड़ी बरामद करने के लिये इस ‘ऑपरेशन’ में दोनों देशों के पुलिस बलों के बीच अंतरराष्ट्रीय समन्वय स्थापित किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

End of Article