Commonwealth Games 2022: बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में जीता रजत, भारत को मिला चौथा पदक 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 31, 2022, 04:57 AM IST

भारत की महिला भारोत्तोलक बिंद्यारानी देवी ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 55 किग्रा भारवर्ग में 202 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक पर अपने नाम किया। 

Commonwealth Games 2022: बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में जीता रजत, भारत को मिला चौथा पदक 

बर्मिंघम: भारत की बिंद्यारानी देवी ने भारोत्तोलन में महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। मणिपुर की रहने वाली बिंद्यारानी देवी रानी ने स्नेच राउंड में 86 और क्लीन एंड जर्क में 116 किग्रा सहित कुल 202 किग्रा वजन उठाकर रजत पदक पर कब्जा किया। बिंद्यारानी ने स्नेच राउंड में पहले प्रयास में 81 किग्रा भार उठाया। इसके बाद अगले दो प्रयास में 84 और 86 किग्रा उठाकर नाइजीरिया और इंग्लैंड की खिलाड़ियों के बाद तीसरे स्थान पर रहते हुए स्नेच राउंड का अंत किया।

क्लीन एंड जर्क में बनाया नया गेम्स रिकॉर्ड और जीता रजत 
क्लीन एंड जर्क उनका मजबूत पक्ष था और उन्होंने ये बात दिखाई भी। क्लीन एंड जर्क राउंड की शुरुआत बिंदायारानी ने 110 किग्रा भार के साथ की और इसे उठाने में वो सफल रहीं। 114 किग्रा भार दूसरी बार में उठाने के प्रयास नाकाम रहा लेकिन तीसरे प्रयास में 116 किग्रा वजन उठाकर उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया।

नाइजीरिया की खिलाड़ी ने किया गोल्ड पर कब्जा
स्पर्धा के स्वर्ण पदक पर नाइजीरिया की अदिजात ओलारीनोय ने कुल 203 किग्रा वजन उठाकर कब्जा किया। उन्होंने स्नेच में 92 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 111 किग्रा भार उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड है। वहीं तीसरे स्थान पर इंग्लैंड की फ्रेयर मॉरो रहीं। उन्होंने कुल 198 किलो वजन उठाया। स्नेच राउंड में 89 किलो उठाकर वो दूसरे पायदान पर थीं। लेकिन क्लीन एंड जर्क में 109 किलो भार ही उठा सकीं। बिंद्यारानी देवी ने क्लीन एंड जर्क में 116 किलोग्राम भार उठाकर गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया और दूसरे स्थान पर रहते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया।  

End of Article