कहीं सोने की चमक, कहीं रेशम की नजाकत! विदेशी मेहमानों को पीएम मोदी ने दिए भारत की कला के ये अनमोल तोहफे

PM Modi gifts to foreign leaders: पीएम मोदी ने मनीला दौरे पर विदेशी नेताओं को भारत की पारंपरिक कलाओं से जुड़े खास उपहार दिए। जानिए गुलाबी क्वार्ट्ज हाथी, कश्मीरी पश्मीना, बनारसी सिल्क और रोगन कला समेत इन अनमोल तोहफों की खासियत।

google

PM Modi gifts to foreign leaders: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16-17 नवंबर 2026 को मनीला, फिलीपींस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 23वें ASEAN-India Summit और 21वें East Asia Summit में हिस्सा लिया। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और उनके परिवारों को भारत की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प से जुड़े खास उपहार भेंट किए।

PM modi gits in ASEAN november 2026

भारत की कला से सजे पीएम मोदी के खास तोहफे- कहीं शाही कारीगरी, कहीं सदियों पुराना हुनर

इन तोहफों की खासियत यह है कि ये महंगे या चमकदार होने भर के लिए खास नहीं हैं। इनमें राजस्थान की पत्थर तराशने की कला, गुजरात की सदियों पुरानी शिल्प परंपरा, कश्मीर की बुनाई और दक्षिण भारत की धातु कला जैसे हुनर शामिल हैं। कहीं सोने की बारीक कारीगरी है, तो कहीं हाथ से बुने रेशम की नजाकत। हर उपहार अपने साथ एक अलग क्षेत्र की पहचान और वहां के कारीगरों की मेहनत संजोए हुए है।

आइए जानते हैं इन खास उपहारों के बारे में और समझते हैं कि आखिर इनकी कला और सांस्कृतिक पहचान इन्हें इतना अनूठा क्यों बनाती है।

1. गुलाबी क्वार्ट्ज का हाथी: राजस्थान की पत्थर तराशने की कला

मोदी जी ने लाओस के प्रधानमंत्री सोनेक्से सिफांडोन को गुलाबी क्वार्ट्ज से बना हाथी भेंट किया। यह उपहार राजस्थान के जयपुर की पत्थर तराशने की परंपरा से जुड़ा है। इसे प्राकृतिक रोज क्वार्ट्ज से तैयार किया जाता है। कारीगर पहले पत्थर को हाथी का आकार देते हैं और फिर उसे अच्छी तरह पॉलिश करते हैं। इससे पत्थर में हल्की गुलाबी चमक और पारदर्शी झलक दिखाई देती है।

राजस्थान की पत्थर तराशने की परंपरा से जुड़ा है (Pic: x.com/ANI)

राजस्थान की पत्थर तराशने की परंपरा से जुड़ा है (Pic: x.com/ANI)

इसकी खूबसूरती को बढ़ाने के लिए हाथ से सोने की बारीक सजावट, फूलों के डिजाइन और पारंपरिक आकृतियां बनाई जाती हैं। इसमें रत्न तराशने और मिनिएचर पेंटिंग, दोनों कलाओं का मेल देखने को मिलता है। भारतीय परंपरा में हाथी को बुद्धि, शक्ति, सम्मान और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।

2. पारंपरिक लेदर वॉल हैंगिंग: लोककला की खूबसूरत झलक

समिट में मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की ओर से वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को पारंपरिक भारतीय लेदर वॉल हैंगिंग भेंट की गई। यह उपहार भारत की लोक कला और हाथ से चीजें बनाने की पुरानी परंपरा को सामने लाता है।

भारत की हस्तकला का उत्कृष्ट नमूना (Pic: x.com/ANI)

भारत की हस्तकला का उत्कृष्ट नमूना (Pic: x.com/ANI)

इसे तैयार करने के लिए चमड़े को पहले साफ करके नरम और लचीला बनाया जाता है। इसके बाद कारीगर उस पर छेद करके, उभारदार नक्काशी और रंगों की मदद से डिजाइन बनाते हैं। फूल-पत्तियों, ज्यामितीय आकृतियों और वन्यजीवों से जुड़े चित्र इसमें खास तौर पर देखने को मिलते हैं। इस कला में कई पारंपरिक डिजाइनों को उकेरने में प्राकृतिक रंगों का भी इस्तेमाल किया जाता है।

3. खंभात का अगेट बाउल: पत्थर की प्राकृतिक खूबसूरती

तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री काय राला शनाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात में तैयार किया गया अगेट बाउल दिया गया। अगेट एक सेमीप्रीशस स्टोन होता है जिसकी सबसे बड़ी खासियत इस पर बनी प्राकृतिक धारियां और रंगों की अलग-अलग परतें हैं।

(Pic: x.com/ANI)

(Pic: x.com/ANI)

खंभात सदियों से अगेट पत्थर की कटाई, तराशने और पॉलिश करने के काम के लिए जाना जाता है। यहां के कारीगर पत्थर के प्राकृतिक आकार और रंगों को ध्यान में रखकर उसे कटोरे का रूप देते हैं। इसके बाद उसे बारीकी से पॉलिश किया जाता है। इसकी खासियत यह है कि दो अगेट बाउल बिल्कुल एक जैसे नहीं होते। हर पीस की अपनी अलग बनावट और रंगत होती है। यानी प्रकृति और इंसानी हुनर मिलकर इसे खास बनाते हैं।

4. कच्छ की रोगन कला: कपड़े पर उकेरी गई अनोखी पेंटिंग

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की रोगन कला की पेंटिंग भेंट की गई। यह भारत की उन दुर्लभ कलाओं में शामिल है, जिसे आज भी कुछ चुनिंदा कारीगर परिवार ही जीवित रखे हुए हैं। खासतौर पर कच्छ के निरोना गांव में इस कला की परंपरा देखने को मिलती है।

कच्छ की कला (Pic: x.com/ANI)

कच्छ की कला (Pic: x.com/ANI)

रोगन पेंटिंग में इस्तेमाल होने वाला रंग अरंडी के तेल को गर्म करके तैयार किया जाता है। इसमें प्राकृतिक रंग मिलाए जाते हैं, जिससे गाढ़ा और लचीला पेस्ट बनता है। कारीगर एक पतली धातु की सलाई की मदद से कपड़े पर हाथ से डिजाइन बनाते हैं। इसकी एक दिलचस्प तकनीक यह भी है कि कपड़े को मोड़कर डिजाइन का प्रतिबिंब दूसरी तरफ उतारा जाता है। इससे दोनों ओर एक जैसी आकृति बन जाती है।

कभी इस कला का इस्तेमाल दुल्हनों के कपड़ों और खास मौकों के परिधानों को सजाने में किया जाता था।

5. चोल कांस्य मूर्ति: दक्षिण भारत की प्राचीन धातु कला

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को पारंपरिक चोल कांस्य मूर्ति भेंट की गई। यह दक्षिण भारत, खासतौर पर तमिलनाडु की ऐतिहासिक धातु कला का बेहतरीन उदाहरण है। चोल राजवंश के समय, लगभग 9वीं से 13वीं शताब्दी के बीच, इस कला ने विशेष पहचान बनाई। इन मूर्तियों को बनाने के लिए लॉस्ट वैक्स तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें सबसे पहले मोम से मूर्ति का मॉडल तैयार होता है। फिर उसके चारों ओर मिट्टी का सांचा बनाया जाता है। गर्म करने पर मोम बाहर निकल जाता है और खाली जगह में पिघली हुई धातु भरी जाती है।

विशिष्ट है कांस्य कला (Pic: x.com/ANI)

विशिष्ट है कांस्य कला (Pic: x.com/ANI)

इस तकनीक से बनी हर मूर्ति अलग होती है। इनमें शरीर की बनावट, चेहरे के भाव, आभूषण और मुद्राओं को बेहद बारीकी से उकेरा जाता है। ये मूर्तियां अपने समय की कला, पहनावे और सांस्कृतिक जीवन की भी झलक दिखाती हैं।

6. डोकरा आर्ट की नाव: धातु में ढली सामूहिक जीवन की कहानी

कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट को डोकरा कला से तैयार नाव भेंट की गई। यह पारंपरिक भारतीय धातु शिल्प अपनी पुरानी लॉस्ट वैक्स तकनीक के लिए जाना जाता है। इस कला की जड़ें हजारों साल पुरानी हैं। इस कलाकृति में एक नाव दिखाई गई है, जिसमें इंसानों और पक्षियों की आकृतियां बनी हैं जो ग्रामीण जीवन, प्रकृति और सामूहिक सहयोग की भावना को दर्शाती है।

नाव की आकृति में छिपी कला (Pic: x.com/ANI)

नाव की आकृति में छिपी कला (Pic: x.com/ANI)

डोकरा कला में सबसे पहले मोम से पूरी आकृति तैयार की जाती है। फिर उसे मिट्टी की परतों से ढककर गर्म किया जाता है। मोम पिघलकर बाहर निकल जाता है और उसकी जगह पिघली हुई धातु भर दी जाती है। इस प्रक्रिया से तैयार कलाकृति की हर बारीकी कारीगर के हाथों का हुनर दिखाती है।

7. बिदरीवेयर का चांदी जड़ा फूलदान: कर्नाटक की खास पहचान

म्यांमार और ब्रुनेई के सुल्तान हाजी हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर में तैयार बिदरीवेयर का चांदी की नक्काशी वाला फूलदान भेंट किया गया। इस कला की सबसे बड़ी खासियत इसका गहरा काला रंग और उस पर चमकती चांदी की नक्काशी है। इसे जिंक और तांबे की मिश्रित धातु से तैयार किया जाता है। कारीगर पहले इसकी सतह पर बारीक डिजाइन उकेरते हैं। फिर उन खांचों में चांदी के तार या पट्टियां जड़ी जाती हैं। खास प्रक्रिया से इसकी सतह को गहरा काला रंग मिलता है, जिससे चांदी के डिजाइन और भी उभरकर दिखाई देते हैं।

चांदी से जड़े फूलदान (Pic: x.com/ANI)

चांदी से जड़े फूलदान (Pic: x.com/ANI)

इसके फूलों और ज्यामितीय डिजाइन पर बीदर किले की वास्तुकला का प्रभाव देखने को मिलता है। बिदरीवेयर को जीआई टैग भी मिला हुआ है। यह दक्कन की पारंपरिक धातु कला की पहचान है।

8. कश्मीरी सिल्क कारपेट: महीनों की मेहनत से तैयार होता है कालीन

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को कश्मीर का पारंपरिक सिल्क कालीन भेंट किया गया। बता दें कि ये कश्मीरी कालीन अपनी मुलायम बनावट, चमक और बारीक डिजाइन के लिए दुनिया भर में पसंद किए जाते हैं।

प्रसिद्ध हैं कश्मीर के कालीन (Pic: x.com/ANI)

प्रसिद्ध हैं कश्मीर के कालीन (Pic: x.com/ANI)

इसके लिए महीन रेशम के धागों से हजारों गांठें बांधकर कालीन तैयार किया जाता है। इन्हें बनाने में कारीगरों को काफी समय लगता है। कुछ कालीनों को पूरा होने में कई महीने तो कुछ को वर्षों तक लग सकते हैं। फूलों, चिनार के पत्तों और ज्यामितीय आकृतियां इनकी खूबी मानी जाती हैं।

9. पश्मीना शॉल और पेपर माशे बॉक्स: कश्मीर की दो कलाओं का संगम

फिलीपींस की प्रथम महिला लिजा अरनेटा-मार्कोस को कश्मीरी पश्मीना शॉल एक खूबसूरत पेपर माशे बॉक्स में भेंट की गई। इस उपहार में कश्मीर की दो प्रसिद्ध हस्तकलाओं का मेल देखने को मिलता है। पश्मीना बेहद महीन कश्मीरी ऊन से तैयार होती है। इसके लिए चांगथांगी नस्ल की बकरी के शरीर के नीचे मौजूद मुलायम रेशों का इस्तेमाल किया जाता है। यह अपनी गर्माहट, हल्के वजन और बेहद मुलायम बनावट के लिए जानी जाती है।

बेजोड़ है कश्मीर की पश्मीना शॉल (Pic: x.com/ANI)

बेजोड़ है कश्मीर की पश्मीना शॉल (Pic: x.com/ANI)

वहीं, पेपर माशे बॉक्स भी कश्मीर की पारंपरिक कला का हिस्सा है। इसे कागज की लुगदी और परतों से तैयार करके हाथ से रंगीन फूलों और बारीक डिजाइनों से सजाया जाता है। इस तरह शॉल के साथ उसका बॉक्स भी अपने आप में एक खूबसूरत कलाकृति बन जाता है।

10. गोल्डन पिछवाई पेंटिंग: नाथद्वारा की भक्ति और कला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को राजस्थान के नाथद्वारा की गोल्डन पिछवाई पेंटिंग भेंट की गई। पिछवाई कला का संबंध भगवान श्रीनाथजी की भक्ति परंपरा से है। इन चित्रों को पारंपरिक रूप से मंदिरों में श्रीनाथजी के पीछे सजाया जाता रहा है। इन्हें तैयार करने के लिए कपड़े को विशेष रूप से तैयार किया जाता है। फिर उस पर प्राकृतिक और खनिज रंगों से चित्रकारी की जाती है। सोने की बारीक सजावट इसकी खूबसूरती को और बढ़ाती है।

भक्ति और कला का सुंदर संगम (Pic: x.com/ANI)

भक्ति और कला का सुंदर संगम (Pic: x.com/ANI)

कमल, गाय, पेड़-पौधे और सजावटी किनारे इसके खास डिजाइन हैं। इनमें धार्मिक भावनाओं के साथ राजस्थान की पारंपरिक चित्रकला और शाही अंदाज भी दिखाई देता है।

11. बनारसी कटान सिल्क स्टोल: बुनकरों के हुनर का प्रतीक

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची को रॉयल ब्लू रंग का बनारसी कटान सिल्क स्टोल भेंट किया गया। इसे एक पारंपरिक सधेली बॉक्स में रखा गया था। कटान सिल्क अपनी मजबूत और महीन रेशमी बुनावट के लिए जाना जाता है। इसे शुद्ध रेशम के धागों को आपस में बुनकर तैयार किया जाता है। बनारस के बुनकर इस पर पारंपरिक डिजाइन और बारीक बूटियां बनाते हैं।

बनारस का रेशम बेजोड़ है (Pic: x.com/ANI)

बनारस का रेशम बेजोड़ है (Pic: x.com/ANI)

रॉयल ब्लू रंग इसे खास और आकर्षक बनाता है। इस स्टोल में बनारस की सदियों पुरानी बुनाई परंपरा और कारीगरों की मेहनत की झलक मिलती है।

12. जयपुर ब्लू पॉटरी: नीले रंग में राजस्थान की पहचान

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को राजस्थान की पारंपरिक जयपुर ब्लू पॉटरी की कलाकृति भेंट की गई। इस कला की पहचान इसका चमकदार सफेद आधार और गहरे कोबाल्ट ब्लू रंग के डिजाइन हैं। इस पर फूलों, पक्षियों, पत्तियों और ज्यामितीय आकृतियों की हाथ से पेंटिंग की जाती है।

जयपुर की एक पहचान ब्लू पॉटरी कला भी है (Pic: x.com/ANI)

जयपुर की एक पहचान ब्लू पॉटरी कला भी है (Pic: x.com/ANI)

इसकी एक खास बात यह है कि पारंपरिक ब्लू पॉटरी सामान्य मिट्टी के बर्तनों से अलग तरीके से तैयार होती है। इसमें क्वार्ट्ज पाउडर, कांच, मुल्तानी मिट्टी और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। यही वजह है कि इसकी बनावट और चमक दूसरे मिट्टी के बर्तनों से अलग होती है।

13. सिल्वर वर्क्ड उरली: भारतीय मेहमाननवाजी की खूबसूरत परंपरा

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की कारीगरी से सजी पारंपरिक उरली भेंट की गई। उरली भारतीय घरों में सजावट के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पारंपरिक बर्तन है। आमतौर पर इसमें पानी भरकर तैरते हुए फूल और पंखुड़ियां सजाई जाती हैं।

भारतीय सत्कार की प्रतीक है उरली (Pic: x.com/ANI)

भारतीय सत्कार की प्रतीक है उरली (Pic: x.com/ANI)

इस उपहार में उरली पर की गई चांदी की बारीक सजावट इसे खास बनाती है। भारतीय परंपरा में इसे शुद्धता, समृद्धि, स्वागत और सौहार्द से जोड़कर देखा जाता है। यह उपहार भारतीय मेहमाननवाजी की उस परंपरा को दर्शाता है, जिसमें घर आने वाले अतिथि का स्वागत सुंदरता और सम्मान के साथ किया जाता है।

इन उपहारों में छिपा है भारत की सॉफ्ट पावर का संदेश

इन सभी उपहारों को एक साथ देखें तो भारत की सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत तस्वीर सामने आती है। किसी में पत्थर तराशने की कला है, किसी में धातु को आकार देने का हुनर और किसी में धागों से महीन डिजाइन बनाने की मेहनत। प्रधानमंत्री मोदी के इन उपहारों के जरिए भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया है कि उसकी पहचान केवल आधुनिक तकनीक और विकास तक सीमित नहीं है। यहां की सदियों पुरानी कला, संस्कृति और हस्तशिल्प भी दुनिया के साथ रिश्ते जोड़ने की ताकत रखते हैं।

End of Article
Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Feed