India Open 2022: चिराग-सात्विक ने इंडियन ओपन जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में इंडोनेशियाई जोड़ी को दी शिकस्त

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2022, 07:14 PM IST

India Open 2022 men's doubles final: चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने इंडिया ओपन 2022 में नया इतिहास रच डाला। दोनों ने फाइनल जबरदस्त प्रदर्शन किया।

India Open 2022: चिराग-सात्विक ने इंडियन ओपन जीतकर रचा इतिहास, फाइनल में इंडोनेशियाई जोड़ी को दी शिकस्त
Photo Credit: Twitter

चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की जोड़ी ने रविवार को इंडिया ओपन 2022 के पुरुष युगल फाइनल में धमाल मचा दिया। दोनों ने विश्व चैंपियन मोहम्मद अहसन और हेंड्रा सेतियावान की इंडोनेशियाई जोड़ी को सीधे गेम में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज इस भारतीय जोड़ी ने 43 मिनट में 21-16, 26-24 से खिताबी मुकाबला जीतकर इतिहास रचा। बता दें कि इंडियन ओपन के इताहिस में ऐसी पहली बार हुआ है कि जब पहली बार भारतीय जोड़ी ने युगल खिताब जीता है! 

चिराग और सात्विकसाईराज ने दुनिया की 10वें नंबर की जोड़ी विलियम विलेगर और फैबियन डेलरू को धूल चटाकर फाइनल में एंट्री की थी। दोनों ने फ्रांस की जोड़ी को 21-10 21-18 से हराया था। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले 2019 में थाईलैंड में अपना पहला सुपर 500 टूर्नामेंट जीता था।  इस मैच से पहले इंडोनेशिया की इस जोड़ी के खिलाफ सात्विक और चिराग  चार मुकाबलों में सिर्फ एक जीत दर्ज कर सके थे।

कोविड-19 जांच में गलत पॉजिटिव नतीजे के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने के खतरे का सामना करने के बाद इस जोड़ी ने खिताब जीतकर मजबूत मानसिकता का परिचय दिया है।  दोनों की जोड़ी 2019 में थाईलैंड ओपन में जीत दर्ज करने के साथ फ्रेंच ओपन सुपर 750 (2019) के फाइनल में पहुंची थी।

दोनों ने 2018 में हैदराबाद ओपन सुपर 100 टूर्नामेंट में जीत दर्ज की थी। इस जोड़ी ने सैयद मोदी इंटरनेशनल में उपविजेता रहने के अलावा गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक अपने नाम किया था। भारतीय जोड़ी ने पिछले साल तोक्यो ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया था, लेकिन तीन में से दो मुकाबले जीतने के बावजूद वे ग्रुप चरण को पार नहीं कर पाये थे।

End of Article