स्पोर्ट्स

एंसी सोजन ने तोड़ा अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना रिकॉर्ड, सर्वेश कुशारे ने बनाया ऊंची कूद में नेशनल रिकॉर्ड

केरल की लंबी कूद की खिलाड़ी एंसी सोजन ने राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैम्पियनशिप में शनिवार को लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Image

एंसी सोजन

भुवनेश्वर: केरल की लंबी कूद की खिलाड़ी एंसी सोजन ने राष्ट्रीय अंतर प्रांत चैम्पियनशिप में शनिवार को लंबी कूद में अंजू बॉबी जॉर्ज का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा जबकि ऊंची कूद में सर्वेश कुशारे ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। 25 वर्ष की एंसी ने 6.88 मीटर की कूद लगाई। पूर्व विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता अंजू का रिकॉर्ड 6.83 मीटर का था जो उन्होंने 2004 एथेंस ओलंपिक में बनाया था।

एशियाई खेलों के लिए भी कटाया टिकट

एंसी ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ द्वारा तय किये गए एशियाई खेलों के 6.48 मीटर के क्वालीफाइंग आंकड़े को भी पीछे छोड़ा। वह इससे पहले इस सत्र में 6.75 मीटर की कूद लगाने वाली दूसरी एशियाई खिलाड़ी थी जो उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। उत्तर प्रदेश की शैली सिंह 6.67 मीटर के साथ दूसरे और लक्षद्वीप की मुबासिना मोहम्मद 6.53 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रही और तीनों ने एशियाई खेलों का क्वालीफाइंग मार्क हासिल किया। लेकिन शीर्ष दो को ही टीम में जगह मिलेगी।

सर्वेश कुशारे ने बनाया ऊंची कूद में नया नेशनल रिकॉर्ड

इससे पहले महाराष्ट्र के सर्वेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में 2.31 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। पिछले साल टोक्यो विश्व चैम्पियनशिप में पुरुषों की ऊंची कूद फाइनल में जगह बनाने वाले पहले भारतीय बने कुशारे ने तेजस्विन शंकर का 2018 में बनाया 2.29 मीटर का रिकॉर्ड तोड़ा। वह वैश्विक सत्र रैंकिंग में संयुक्त तीसरे और एशिया में शीर्ष पर हैं।

मेरी प्रेरणास्त्रोत रहीं हैं अंजू बॉबी जॉर्ज

एंसी ने रिकॉर्ड तोड़ने के बाद कहा,'अंजू लीजैंड है। मैं इतना ही कहूंगी कि वह प्रेरणास्रोत रही हैं। मैंने उनकी कूद कई बार देखी है और मैं जानती हूं कि उन्होंने कितनी मेहनत की होगी। उम्मीद है कि मैम आज इस प्रदर्शन से खुश हुई होंगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article