स्पोर्ट्स

Shooting World Cup: पदक से चूके भारत के स्टार शूटर ऐश्वर्य प्रताप और नीरज कुमार

Shooting World Cup: रविवार को हुए फाइनल में विश्व चैंपियनशिप के रजत विजेता ऐश्वर्य और एशियाई चैंपियनशिप के रजत विजेता नीरज दोनों ने जगह बनाई, लेकिन क्वालीफिकेशन वाली लय बरकरार नहीं रख सके।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- aishwary_ind)

Shooting World Cup: भारत के दो स्टार राइफल निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और नीरज कुमार ISSF विश्व कप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन के फाइनल में पहुंचने के बाद भी पदक नहीं जीत सके। इसी के साथ भारत का खाता अभी भी सिर्फ एक रजत पदक पर अटका है और वह मेडल टेबल में संयुक्त सातवें स्थान पर है। रविवार को हुए फाइनल में विश्व चैंपियनशिप के रजत विजेता ऐश्वर्य और एशियाई चैंपियनशिप के रजत विजेता नीरज दोनों ने जगह बनाई, लेकिन क्वालीफिकेशन वाली लय बरकरार नहीं रख सके।

भारत के खाते में जुड़ी निराशा

ऐश्वर्य 314.3 अंक के साथ छठे और नीरज 303.4 अंक के साथ सातवें स्थान पर रहे। इस तरह भारत के खाते में एक और निराशा जुड़ गई।क्वालीफिकेशन में नीरज ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 595 अंक बनाकर दिन का सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया। वह चीन के ओलंपिक चैंपियन झांग चांगहोंग के बराबर अंक पर थे, लेकिन काउंटबैक में दूसरे स्थान पर रहे। ऐश्वर्य ने 589 अंक के साथ आठवां स्थान हासिल कर मुश्किल से फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में चीन के झांग ने तूफानी प्रदर्शन किया और 363 अंक का नया विश्व रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण अपने नाम किया। हंगरी के इस्तवान पेनी ने रजत और व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी मतवेई पोटापोव ने कांस्य जीता।

मनु भाकर से पदक की उम्मीद

भारत के तीसरे निशानेबाज और पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल 587 अंक के साथ 18वें स्थान पर रहे और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।राइफल स्पर्धाओं में पदक न मिलने के बाद अब भारत की उम्मीदें महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल पर हैं। एशियाई खेलों की पदक विजेता ईशा सिंह ने प्रिसीजन राउंड में 293 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। दो बार की ओलंपिक कांस्य विजेता मनु भाकर 292 अंक के साथ पांचवें स्थान पर हैं। दोनों सोमवार को होने वाले रैपिड फायर राउंड के बाद फाइनल में जगह की मजबूत दावेदार हैं। 2018 जकार्ता एशियाई खेलों की स्वर्ण विजेता राही सरनोबत ने 289 अंक बनाए और तीन अन्य निशानेबाजों के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर हैं। शीर्ष 8 में पहुंचने के लिए उन्हें रैपिड फायर में बड़ा स्कोर करना होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article