दोहा: सुनील छेत्री की कप्तानी वाली भारतीय फुटबॉल टीम को कतर में आयोजित एएफसी एशियन कप 2023 के ग्रुब बी के अपने दूसरे मुकाबले में उजबेकिस्तान के खिलाफ 0-3 के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। ये भारतीय टीम की लगातार दूसरी हार है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत को 0-2 के अंतर से हार मिली थी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अबतक एक भी गोल नहीं कर सकी है जबकि उसके खिलाफ पांच गोल हुए हैं।
फर्स्ट हाफ में ही तीन गोल से पिछड़ गया था भारत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले के फर्स्ट हाफ में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम का उजबेकिस्तान के खिलाफ फर्स्ट हाफ में ही हाल बेहाल हो गया। मैच के चौथे ही मिनट में उजबेकिस्तान के अब्बोसबेक फैजुलेव(Abbosbek Fayzullaev) ने गोल करके उजबेकिस्तान को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 18वें मिनट में इगोर सर्गीव ने दूसरा गोल करके अपनी टीम की बढ़त को दोगुना कर दिया। फर्स्ट हाफ के खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में उजबेकिस्तान ने तीसरा गोल भी कर दिया। इस बार गोल नसरुल्लेव ने किया।
सेकेंड हाफ में नहीं हुआ कोई गोल
मैच के फर्स्ट हाफ में 0-3 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम सेंकेंड हाफ में गोल करने की पुरजोर कोशिश करती रही लेकिन जीत के प्रति आश्वस्त हो चुके उजबेकिस्तान के खिलाड़ियों ने उन्हें गोल करने नहीं दिया। अंत में उजबेकिस्तान ने 3-0 के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया।
अब सीरिया से है आखिरी मुकाबले में भिड़ंत
भारतीय टीम का तीसरा और आखिरी मुकाबला सीरिया के साथ होना है। इसी मुकाबले में भारतीय टीम कुछ टक्कर विरोधी टीम को देती दिख सकती है। ये मुकाबला 23 जनवरी, 2024 को शाम पांच बजे से खेला जाएगा।
