Govardhan Puja 2026 Today (govardhan puja ka muhurat kab hai 2026, govardhan puja kaise karte hain): धनतेरस से दिवाली के 5 दिवसीय महापर्व का आगाज होता है। सबसे पहले धनतेरस मनाई जाती है, जिसके बाद छोटी दिवाली और फिर दिवाली का उत्सव मनाया जाता है। दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का उत्सव मनाया जाता है, जिसे अन्नकूट, गोवर्धन उत्सव और गोवर्धन महोत्सव के नामों से जाना जाता है। द्रिक पंचांग के अनुसार, गोवर्धन पूजा का पर्व हर साल कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है, जो कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि के अगले दिन होती है। साल 2026 में आज 10 नवंबर, मंगलवार को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जा रहा है। इस दिन भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है। साथ ही उन्हें गेहूं, चावल, बेसन से बनी कढ़ी और पत्ते वाली सब्जियों का भोग लगाया जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन भगवान श्रीकृष्ण का पूजन करने से घर-परिवार में सुख, समृद्धि और धन-धान्य का वास होता है। यदि आप भी आज पूजन करने वाले हैं तो यहां से गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त, गोवर्धन पूजा की विधि और गोवर्धन पूजा के नियम जान सकते हैं।
गोवर्धन पूजा के दिन का धार्मिक महत्व
गोवर्धन पूजा का पर्व मुख्य रूप से भगवान कृष्ण की उस ऐतिहासिक लीला की याद में मनाया जाता है, जिसमें उन्होंने देवराज इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों को बचाया था। इस पर्व को प्रकृति, पर्यावरण और गाय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। साथ ही गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है, जिसका पूजन करना शुभ होता है। बता दें कि महाराष्ट्र में गोवर्धन पूजा के दिन बलि पड़वा का पर्व मनाया जाता है, जिसे बलि प्रतिपदा भी कहते हैं। मान्यता है कि इस दिन असुर राजा बलि पाताल लोक से वापस पृथ्वीलोक पर आए थे। इसके अलावा गुजरातियों का इस दिन नव वर्ष शुरू होता है।
गोवर्धन पूजा 2026 की तिथि क्या है
- प्रतिपदा तिथि का आरंभ- 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12:31 बजे
- प्रतिपदा तिथि का समापन- 10 नवंबर 2026 को दोपहर 02:00 बजे
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें- इन 5 राशियों के लिए अमृत समान रहेगा आज का दिन
गोवर्धन पूजा का शुभ मुहूर्त क्या है
गोवर्धन पूजा के दिन गोवर्धन पर्वत और भगवान कृष्ण का पूजन सुबह और शाम दोनों समय किया जाता है। आज सुबह गोवर्धन पूजा 06:40 से 08:50 बजे के बीच की जाएगी, जबकि शाम को गोधूलि बेला में गोवर्धन पूजा और दीपदान किया जा सकता है। आज गोधूलि बेला यानी गोधूलि मुहूर्त शाम 5:30 बजे से शाम 5:56 बजे तक है।
गोवर्धन पूजा कैसे की जाती है
- सुबह जल्दी उठकर स्नानादि से निवृत्त होकर स्वच्छ वस्त्र पहनें।
- घर के आंगन को गंगाजल से पवित्र करें और वहां पर गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाएं।
- गोवर्धन पर्वत की आकृति के पास भगवान कृष्ण, गाय और बछड़े की भी आकृतियां बनाएं।
- गोवर्धन महाराज की नाभि पर मिट्टी का एक दीपक रखकर जलाएं।
- गोवर्धन जी और भगवान कृष्ण को रोली, अक्षत, चंदन, फूल, धूप एवं कलावा अर्पित करें।
- गोवर्धन पर्वत और श्रीकृष्ण का दूध, दही और जल से अभिषेक करें।
- भगवान कृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाएं।
- दीपक जलाकर गोवर्धन महाराज और कृष्ण जी की आरती करें।
- गोवर्धन महाराज की 7 बार परिक्रमा करें और उन्हें जल से अर्घ्य दें।
- गौ माता की सेवा करें और उन्हें हरा चारा या गुड़ खिलाएं।
शाम को इसी विधि से फिर से गोवर्धन पर्वत और भगवान कृष्ण की पूजा करें।
गोवर्धन पूजा से जुड़े नियम क्या हैं
गोवर्धन पूजा के दिन तन और मन की शुद्धता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस दिन किसी भी व्यक्ति से गलत शब्द न बोलें और ब्रह्मचर्य का पालन करें। दिनभर बाल और नाखून काटने से बचें। पूजा के दौरान परिक्रमा करते समय गोबर से बनी आकृतियों पर पैर न पड़े, इसका विशेष ध्यान रखें। परिक्रमा आराम से 7 बार करें। इस दिन गाय और बैल को परेशान न करें।
