स्पोर्ट्स

AFC Asia Cup 2027 Qualifiers: बांग्लादेश के खिलाफ औपचारिकता के लिए खेलेगी भारतीय टीम, नए खिलाड़ियों पर नजर

AFC Asia Cup 2027 Qualifiers: भारतीय टीम मंगलवार को एएफसी एशियाई कप 2027 के महज औपचारिकता के क्वालीफायर मुकाबले में मैदान पर उतरेगी तो यह मुख्य कोच खालिद जमील के लिए अपनी टीम को फिर से तैयार करने और नई प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण और अच्छा अवसर प्रदान करेगा।

Image

भारतीय फुटबॉल टीम (फोटो- Indianfootball X)

AFC Asia Cup 2027 Qualifiers: भारतीय फुटबॉल टीम मंगलवार को एएफसी एशियाई कप 2027 क्वालीफायर के एक ऐसे मुकाबले में मैदान पर उतरेगी, जो उसके लिए महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है। यह मैच मुख्य कोच खालिद जमील के लिए अपनी टीम को नए सिरे से तैयार करने और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नई प्रतिभाओं को निखारने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। भारत की अगले दौर में जगह बनाने की उम्मीदें 14 अक्टूबर को गोवा में सिंगापुर के खिलाफ 1-2 की हार के बाद लगभग समाप्त हो गई थीं, जहाँ भारत 1-0 की बढ़त के बावजूद मुकाबला हार गया था।

क्वालीफिकेशन की उम्मीदें खत्म, फीफा रैंकिंग पर नजर

सिंगापुर के खिलाफ मिली हार के बाद भारत के चार मैचों में केवल दो अंक हैं। अगर भारतीय टीम अपने बाकी बचे सभी मुकाबले जीत भी जाती है, तो भी उसके अधिकतम आठ अंक ही हो पाएंगे, जबकि सिंगापुर और हांगकांग पहले ही आठ-आठ अंक हासिल कर चुके हैं और निश्चित रूप से अपने अंकों में सुधार करेंगे। बांग्लादेश के भी दो ही अंक हैं, और ढाका में होने वाले इस मुकाबले में दोनों टीमें ग्रुप में मजबूत प्रदर्शन करने और अपनी फीफा रैंकिंग में सुधार करने का लक्ष्य रखेंगी।

ऑस्ट्रेलिया में जन्में रेयान विलियम्स पर निगाहें

ढाका में होने वाले इस मुकाबले के लिए भारतीय टीम में ऑस्ट्रेलिया में जन्मे फॉरवर्ड रेयान विलियम्स शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में भारतीय पासपोर्ट प्राप्त किया है। वह टीम के साथ यात्रा कर रहे हैं, लेकिन उनकी उपलब्धता फुटबॉल ऑस्ट्रेलिया से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) और उसके बाद फीफा (FIFA) तथा एएफसी (AFC) से मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी। दोनों टीमों के बीच यह 30वां मुकाबला होगा (भारत की जीत-हार का अंतर 14-4 है)। वर्ष 2003 के सैफ गोल्ड कप के बाद यह 22 साल में बांग्लादेश की धरती पर भारत का पहला मैच होगा। तब मेजबान टीम ने इसी मैदान पर 2-1 से जीत हासिल की थी।

जमील का युवाओं पर भरोसा

मैच की पूर्व संध्या पर मुख्य कोच खालिद जमील ने कहा, "हमें यहां आकर खुशी हो रही है। बांग्लादेश एक अच्छी टीम है और यह एक अच्छा मैच होगा।" जमील ने इस मैच के लिए युवाओं को प्राथमिकता दी है, जिनमें गोलकीपर साहिल और ऋतिक तिवारी, प्रमवीर, लालरेमट्लुआंगा फनाई, मोहम्मद सनन और बिकाश युमनाम शामिल हैं जो संभावित रूप से पदार्पण की दौड़ में हैं। ब्रिसन फर्नांडीस और मैकार्टन लुइस निकसन भी टीम का हिस्सा हैं, जिन्होंने एक-एक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article