स्पोर्ट्स

ओपनिंग सेरेमनी के ‘एथलीट परेड' में केवल 78 भारतीय सदस्य होंगे शामिल

Paris Olympic 2024 Opening Ceremony: पेरिस ओलंपिक का उद्घाटन समारोह रात 11 बजे से शुरू होगा। इसके साथ ही खेलों के सबसे बड़े महाकुंभ का आगाज हो जाएगा।

Image

पेरिस ओलंपिक (साभार-Twitter)

Paris Olympic 2024 Opening Ceremony: पेरिस ओलंपिक के उद्घाटन समारोह के दौरान शुकवार को पीवी सिंधू और अचंत शरत कमल की अगुआई वाला भारतीय दल ‘एथलीट परेड’ में हिस्सा लेगा जिसमें 12 प्रतिस्पर्धाओं के 78 एथलीट और अधिकारी शामिल होंगे। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने कहा कि जिन सभी खिलाड़ियों ने खुद को उद्घाटन समारोह के लिए उपलब्ध कराया है, वे परेड का हिस्सा होंगे।

आईओए ने कहा, ‘‘आईओए अध्यक्ष पीटी ऊषा और दल प्रमुख गगन नारंग ने एथलीट परेड में दल की संरचना में खिलाड़ियों को शीर्ष प्राथमिकता दी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कई खिलाड़ियों की शनिवार को प्रतिस्पर्धा है और आईओए ने उनकी तैयारियों को प्राथमिकता देने और उद्घाटन समारोह में हिस्सा नहीं लेने के फैसले का सम्मान किया है। ’’

ध्वजवाहक सिंधू और शरत कमल के अलावा अन्य महत्वपूर्ण खिलाड़ियों में तीरंदाज दीपिका कुमारी, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना शामिल हैं। नौकाचालक बलराज पंवार की शनिवार सुबह रेस है तो वह एथलीट परेड का हिस्सा नहीं बनेंगे। ट्रैक एवं फील्ड, भारोत्तोलन और कुश्ती की टीम अभी तक पेरिस नहीं पहुंची हैं।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का भी शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच है तो केवल तीन रिजर्व खिलाड़ी ही समारोह में शामिल होंगे। भारत का 117 खिलाड़ियों का दल ओलंपिक में हिस्सा ले रहा है जिसमें 47 महिलायें हैं। ओलंपिक इतिहास में पहली दफा उद्घाटन समारोह स्टेडियम में नहीं हो रहा बल्कि यहां सीन नदी के किनारे पर होगा। 90 नौकाओं में 6,500 से ज्यादा खिलाड़ी इसमें हिस्सा लेंगे।

उद्घाटन समारोह में हिस्सा ले रहे भारत के खिलाड़ी :

ध्वजवाहक : पीवी सिंधू (बैडमिंटन) और अचंता शरत कमल (टेबल टेनिस)

तीरंदाजी : दीपिका कुमारी और तरूणदीप राय

मुक्केबाजी : लवलीना बोरगोहेन

टेबल टेनिस : मनिका बत्रा

टेनिस : रोहन बोपन्ना, सुमित नागल और श्रीराम बालाजी

निशानेबाजी : अंजुम मौदगिल, सिफत कौर सामरा, ऐश्वर्य प्रताप सिह तोमर और अनीश

घुड़सवारी : अनुष अग्रवाला

गोल्फ: शुभंकर शर्मा

हॉकी : कृष्ण पाठक, नीलकांत शर्मा और जुगराज सिंह

जूडो : तूलिका मान

पाल नौकायन : विष्णु सरवनन और नेत्रा कुमानन

तैराकी : श्रीहरि नटराज और धिनिधि देसिंघु।

(भाषा इनपुट के साथ)

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article