अध्यात्म

दूसरा बड़ा मंगल और तेलगु हनुमान जयंती आज, जानिए कैसे करें हनुमान जी को प्रसन्न

Second Bada Mangal 2026 : 12 मई को ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल के साथ ही दक्षिण भारत में आज तेलुगु हनुमान जयंती भी मनाई जा रही है। इस कारण आज हनुमान जी की पूजा विशेष फलदायी रहेगी।

Image

आज हनुमान जी को कैसे करें प्रसन्न

Second Bada Mangal 2026 : आज 12 मई 2026, मंगलवार को ज्येष्ठ माह का दूसरा बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। उत्तर भारत, खासकर उत्तर प्रदेश, लखनऊ और अवध क्षेत्र में बुढ़वा मंगल का विशेष महत्व माना जाता है। इस बार बड़ा मंगल कई दुर्लभ संयोगों में आया है। एक तरफ रोग पंचक चल रहा है, वहीं आज तेलुगु हनुमान जयंती का भी विशेष पर्व मनाया जा रहा है।

ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, बड़ा मंगल पर की गई हनुमान जी की पूजा जीवन के संकट, भय, रोग और शत्रु बाधा को दूर करने वाली मानी जाती है। खास बात यह है कि पंचक काल होने के बावजूद आज बजरंगबली की पूजा पूरी श्रद्धा के साथ की जा सकती है।

आज का बड़ा मंगल क्यों है खास?

ज्येष्ठ माह में आने वाले सभी मंगलवार हनुमान जी को समर्पित माने जाते हैं, लेकिन दूसरा बड़ा मंगल विशेष फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन हनुमान जी की पूजा करने से मंगल दोष, भय, मानसिक तनाव और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। इस बार बड़ा मंगल रोग पंचक के दौरान पड़ा है। सामान्य तौर पर पंचक में शुभ कार्यों से बचने की सलाह दी जाती है, लेकिन हनुमान जी की पूजा पंचक में भी शुभ मानी गई है। मान्यता है कि पंचमुखी हनुमान की आराधना करने से पंचक का नकारात्मक प्रभाव कम हो जाता है।

तेलुगु हनुमान जयंती का भी बन रहा है संयोग (Telgu Hanuman Jayanti)

दक्षिण भारत में आज तेलुगु हनुमान जयंती भी मनाई जा रही है। इस वजह से देशभर के हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा, सुंदरकांड पाठ और भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। कई जगहों पर भक्त हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित कर संकटों से मुक्ति की कामना कर रहे हैं।

दूसरा बड़ा मंगल 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त

आज हनुमान जी की पूजा के लिए शुभ समय सुबह 8 बजकर 55 मिनट से दोपहर 1 बजकर 59 मिनट तक रहेगा। वहीं, शाम की पूजा का शुभ समय शाम 7 बजकर 03 मिनट से रात 8 बजकर 06 मिनट तक रहेगा। इस दौरान हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और सुंदरकांड का पाठ करना विशेष फलदायी माना गया है।

बड़े मंगल पर हनुमान जी की पूजा कैसे करें?

सुबह स्नान के बाद साफ लाल या नारंगी वस्त्र पहनें। इसके बाद हनुमान जी के सामने दीपक जलाएं और उन्हें चमेली के तेल में सिंदूर मिलाकर चोला अर्पित करें। बजरंगबली को बूंदी के लड्डू, गुड़-चना या केला चढ़ाना शुभ माना जाता है। इसके बाद हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और सुंदरकांड का पाठ करें। अगर संभव हो तो शाम के समय मंदिर जाकर हनुमान जी की आरती करें। मान्यता है कि ऐसा करने से रोग, भय और शत्रु बाधा दूर होती है।

पंचक में फायदेमंद है हनुमान जी की पूजा

इस समय रोग पंचक चल रहा है, जो 14 मई तक रहेगा। ज्योतिष के अनुसार, रोग पंचक में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे समय में हनुमान जी की पूजा करना बेहद लाभकारी माना गया है। मान्यता है कि पंचमुखी हनुमान की आराधना करने से डर, तनाव और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव कम होता है। हालांकि पंचक के दौरान नया मांगलिक कार्य शुरू करने से बचना चाहिए।

बड़ा मंगल पर करें इन चीजों का दान

ज्येष्ठ माह की तेज गर्मी में जल सेवा और भंडारा करना बहुत पुण्यदायी माना गया है। आज के दिन शरबत, ठंडा पानी, फल, गुड़ और चना बांटना शुभ माना गया है। कई जगहों पर भक्त भंडारे आयोजित कर लोगों को भोजन करा रहे हैं। धार्मिक मान्यता है कि बड़ा मंगल पर सेवा और दान करने से हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

बड़ा मंगल पर क्या करें और क्या न करें?

आज क्रोध, झूठ और अपशब्दों से बचना चाहिए। किसी गरीब या जरूरतमंद की सहायता करना शुभ माना गया है। मांस-मदिरा और तामसिक भोजन से दूरी बनाए रखें। अगर आप व्रत रख रहे हैं तो सात्विक भोजन करें और दिनभर भगवान राम एवं हनुमान जी का स्मरण करते रहें।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article