हिंदू पंचांग में सावन मास का विशेष महत्व है। भगवान शिव को समर्पित यह महीना उनकी आराधना और व्रत-उपवास के लिए जाना जाता है। इस दौरान भक्तजन शिवलिंग पर जलाभिषेक और सोमवार व्रत का पालन करते हैं। सावन में सोमवार के दिन पूजन करने का विशेष महत्व बताया गया है। यदि आप भी प्रत्येक सोमवार को व्रत और पूजन करते आ रहे हैं, तो आपको यह भी जानना चाहिए कि इस बार सावन का आखिरी सोमवार कब पड़ेगा और साल 2025 में सावन मास कब खत्म होगा। आइए विस्तार से जानते हैं।
सावन मास 2025 कब खत्म होगा?
हिंदू पंचांग के अनुसार, साल 2025 में सावन मास की शुरुआत 11 जुलाई 2025, दिन शुक्रवार से हुई है। पूरे एक माह तक चलने वाला ये माह 9 अगस्त 2025, शनिवार के दिन समाप्त होगा। आपको बता दें कि इस सावन में कुल 4 सोमवार पड़ेंगे, जिन्हें शिवभक्त विशेष रूप से व्रत और पूजा के लिए खास मानते हैं।
सावन 2025 का आखिरी सोमवार कब है?
सावन मास के दौरान सोमवार के दिन का महत्व सबसे अधिक होता है। सावन में सोमवार के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करने से विशेष पुण्य और इच्छित फल की प्राप्ति होती है। साल 2025 में सावन माह के सोमवार की लिस्ट कुछ इस प्रकार हैं।
- पहला सोमवार – 14 जुलाई 2025
- दूसरा सोमवार – 21 जुलाई 2025
- तीसरा सोमवार – 28 जुलाई 2025
- चौथा सोमवार – 4 अगस्त 2025
नोट : इससे साफ है कि इस बार सावन 2025 का आखिरी सोमवार 4 अगस्त को पड़ेगा। इस दिन भक्त पूरी श्रद्धा के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना करके विशेष आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं। यदि आप शिवभक्त हैं, तो इस दिन परिवार सहित भक्ति का आनंद लें।
