Maa Annapurna devi kaun hain: अन्नपूर्णा का अर्थ है 'अन्न से पूर्ण' या 'भोजन से युक्त'। मां अन्नपूर्णा हिंदू धर्म में भोजन और पोषण की देवी हैं। इन्हें माता पार्वती का रूप माना जाता है और ये भगवान शिव की पत्नी हैं। भोजन और समृद्धि की देवी के रूप में मां अन्नपूर्णा को शारीरिक और आध्यात्मिक पोषण प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार मां अन्नपूर्णा का आशीर्वाद हर घर में खुशहाली और भोजन लाता है। अयोध्या में राम मंदिर ध्वजारोहण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां अन्नपूर्णा के मंदिर के दर्शन किए हैं।
मां अन्नपूर्णा की पूजा क्यों की जाती है
भक्त इनकी पूजा करते हैं ताकि घर में कभी खाने की कमी ना हो और सभी स्वस्थ रहें। मान्यता के अनुसार एक बार जब पूरी दुनिया में अकाल पड़ा और लोगों के पास खाने के लिए कुछ भी नहीं था, तब मां अन्नपूर्णा ने सबको अन्न दिया और लोगों की जान बचाई। उन्होंने सभी को भोजन देकर जीवन को बनाए रखा।
मां अन्नपूर्णा का स्वरूप हमें यह सिखाता है कि भोजन केवल पेट भरने के लिए नहीं, बल्कि दूसरों के साथ साझा करने और दान देने के लिए भी होता है। भक्त इनकी पूजा करके अन्नदान करते हैं और गरीबों को भोजन खिलाते हैं। यह देवी हमें करुणा, दान और पोषण का महत्व भी समझाती हैं।
मां अन्नपूर्णा की महिमा क्या है
मां अन्नपूर्णा सिर्फ भोजन की देवी ही नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन और सेवा की प्रेरणा भी हैं। उनके आशीर्वाद से हमारा जीवन स्वस्थ, खुशहाल और पूर्ण बनता है। भारत में कई जगहों पर अन्नपूर्णा देवी को समर्पित मंदिर हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास स्थित वाराणसी का अन्नपूर्णा मंदिर भी बहुत प्रसिद्ध है। यहां भक्तों को प्रसाद के रूप में चावल के कुछ दाने दिए जाते हैं, जिन्हें लोग अपने घर के अनाज भंडार में रखते हैं।
