अंक ज्योतिष में कुल 9 मूलांक का जिक्र किया गया है। हर व्यक्ति का इन्हीं में से कोई न कोई एक मूलांक होता है। कहते हैं मूलांक का हमारे जीवन और स्वभाव पर गहरा प्रभाव पड़ता है। आज यहां हम एक ऐसे मूलांक के बारे में बात करने जा रहे हैं जिसका सीधा संबंध न्याय के देवता शनि देव से माना जाता है। इस मूलांक लोग अत्याधिक मेहनती और कर्मठी माने जाते हैं। अगर ठान लें तो ये कुछ भी हासिल कर सकते हैं। जिन लोगों की जन्म तारीख 8, 17 या 26 होती है उनका मूलांक 8 माना जाता है। जानिए इस मूलांक के लोगों के बारे में कुछ दिलचस्प बातें।
इन पर शनि देव की रहती है विशेष कृपा: नंबर 8 शनि का अंक होने के कारण इन लोगों पर शनि का विशेष प्रभाव रहता है। शनि इन्हें मेहनती, सरल, ईमानदार और बुद्धिमान बनाते हैं। ये लोग अमूमन शांत स्वभाव के होते हैं। लेकिन अगर एक बार क्रोधित हो जाएं तो फिर ये किसी की नहीं सुनते। इस मूलांक के लोग कोई भी काम धीरे-धीरे करते हैं। यहां तक की इनकी चाल भी धीमी होती है। हालांकि धीरे-धीरे ही सही ये अपने कार्यों में सफलता पाकर ही दम लेते हैं।
कर्म पर करते हैं भरोसा: इस मूलांक के लोगों को कोई भी चीज मेहनत से ही मिलती है। इसलिए इनका भाग्य से ज्यादा कर्म पर भी भरोसा होता है। ये किसी भी चीज के लिए इतनी ज्यादा मेहनत करते हैं कि इन्हें अंत में कामयाबी हासिल होकर ही रहती है। लेकिन सफलता पाने से पहले इन्हें काफी संघर्ष करना पड़ता है। ये लोग अकेले जीवन जीना पसंद करते हैं। अपने काम से काम रखते हैं। इन्हें अपने काम में किसी की दखलअंदाजी बिल्कुल भी पसंद नहीं होती।
पैसा जोड़ने में होते हैं माहिर: इस मूलांक वालों की सबसे खास बात ये है कि ये फालतू के खर्चे नहीं करते। धीरे-धीरे अपने लिए पैसा जोड़ते रहते हैं और एक समय बाद ये जोड़े हुए पैसों से धनवान बन जाते हैं। इनके इसी स्वभाव के कारण इनके पास पैसों की कभी कमी नहीं होती। इनके पास जमीन-जायदाद भी खूब होती है। ये लोग मेहनत के दम पर लाइफ में पैसा और शोहरत दोनों हासिल करते हैं।
