Shardiya Navratri 2025: बीते 22 सितंबर दिन सोमवार को आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से शुरू हुआ शारदीय नवरात्रि का पर्व 1 अक्टूबर दिन बुधवार को समाप्त हो रहा है। ऐसे में चतुर्थी तिथि शुक्रवार के दिन पड़ रही है। माना जाता है कि नवरात्रि के दिनों में पड़ने वाले शुक्रवार पर अगर माता लक्ष्मी से संबंधित कुछ उपायों को कर लिया जाए तो धन की कमी से मुक्ति मिल सकती है।
इस बार नवरात्रि में शुक्रवार 26 सितंबर को पड़ रहा है। इस दिन चतुर्थी तिथि होने के कारण माता कुष्मांडा का पूजन किया जाएगा। इसके साथ ही इस दिन साथ में माता महालक्ष्मी का पूजन विशेष रूप से फलदायी रहेगा। शास्त्रों के अनुसार नवरात्रि के शुक्रवार के दिन की गई माता लक्ष्मी की पूजा भौतिक सुख-सुविधाओं और धन-धान्य की प्राप्ति कराती है। आइए जानते हैं कि इस दिन कौन से उपाय किए जा सकते हैं।
शारदीय नवरात्रि के शुक्रवार पर करें ये उपाय
ऋग्वेद के खंड 10 के अनुसार माता लक्ष्मी की स्तुति कहे जाने वाले श्रीसूक्त का पाठ, जीवन के हर सुख को प्रदान करता है। मान्यता है कि इसका 11 या 21 बार पाठ करने से घर में लक्ष्मी का वास हो जाता है। इसका पाठ अकस्मिक धन लाभ भी कराता है।इसके लिए 26 सितंबर को स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद माता कुष्मांडा और लक्ष्मी की विधिवत पूजा करें। कमल का फूल देवी लक्ष्मी को अर्पित करें और श्रीसूक्त का पाठ करें। पाठ के अंत में 'ॐ महालक्ष्म्यै च विद्महे विष्णुपत्न्यै च धीमहि तन्नो लक्ष्मीः प्रचोदयात्' मंत्र का 108 बार जाप करें। माता को भोग में खीर या सफेद मिठाई अर्पित करें। इस पाठ को करने से धन संबंधी सभी समस्याओं का अंत होता है।
इस स्तोत्र का करें पाठ
आदि शंकराचार्य द्वारा रचित कनकधारा स्तोत्र को धन प्राप्ति के लिए बेहद ही सरल उपाय माना जाता है। दरअसल नवरात्रि के समय देवी शक्ति पृथ्वी पर हर समय जाग्रत अवस्था में रहती है। इस कारण नवरात्रि के शुक्रवार के दिन पूजन करते समय अष्ट लक्ष्मी यंत्र का चित्र अपने सामने रखें। विधिवत पूजन के बाद कनकधारा स्तोत्र का 21 बार पाठ करें और देवी को गुलाब का फूल अर्पित करें। अंत में 'ॐ श्रीं ह्रीं श्रीं महालक्ष्म्यै नमः' मंत्र का जाप करें। पाठ के बाद सफेद वस्त्र या चावल का दान करें। इस उपाय को घर की तिजोरी भरने वाला माना गया है।
कर लें ये अचूक उपाय
गरुड़ पुराण के अध्याय 109 में लौंग और इलायची के दान को धन प्राप्ति के उपाय के रूप में बताया गया है। मान्यता है कि नवरात्रि के शुक्रवार के दिन अगर इस टोटके को किया जाए तो देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। इसके लिए शुक्रवार को पीले कपड़े में 2 लौंग, 5 इलायची और 5 सुपारी बांधें। इसको पूजा के समय माता दुर्गा के चरणों में रख दें। इसके साथ ही 'ॐ नमो भगवती धनदायिनी नमः' मंत्र का 108 बार जाप करें। माता से धन की कामना करें और अगले दिन इसे किसी जरूरतमंद को दे दें या फिर बहते जल में प्रवाहित कर दें।
डिसक्लेमर: यहां दी गईं सभी जानकारियां सामान्य मान्यताओं और धार्मिक शास्त्रों पर आधारित हैं। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
