May 2026 Vehicle And Property Purchase Muhurat : मई 2026 में अगर आप नई गाड़ी या प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार किसी भी बड़े निवेश जैसे वाहन या संपत्ति की खरीदारी शुभ मुहूर्त में करना बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। सही समय पर की गई खरीदारी न सिर्फ आर्थिक स्थिरता देती है, बल्कि लंबे समय तक सुख और समृद्धि भी बनाए रखती है। हालांकि, मई 2026 में अधिकमास (मलमास) का प्रभाव रहने के कारण पूरे महीने में बहुत कम शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। ऐसे में सही तारीख और समय का चयन करना और भी जरूरी हो जाता है।
मई 2026 में वाहन खरीदने के शुभ मुहूर्त
मई महीने में वाहन खरीदने के लिए केवल कुछ ही दिन शुभ माने गए हैं। आइए जानते हैं वे खास तारीखें और उनका समय क्या है।
1 मई 2026, शुक्रवार
इस दिन सुबह 05:41 बजे से लेकर अगले दिन 2 मई को सुबह 04:35 बजे तक वाहन खरीदने का शुभ मुहूर्त है। इस दिन स्वाती नक्षत्र और पूर्णिमा/प्रतिपदा तिथि का संयोग बन रहा है, जो वाहन क्रय के लिए अनुकूल माना जाता है।
4 मई 2026, सोमवार
सुबह 05:38 बजे से 09:58 बजे तक का समय वाहन खरीदने के लिए शुभ रहेगा। इस दिन अनुराधा नक्षत्र और तृतीया तिथि का प्रभाव है, जो नए कार्य की शुरुआत के लिए अच्छा माना जाता है।
10 मई 2026, रविवार
सुबह 05:34 बजे से दोपहर 03:06 बजे तक वाहन खरीद सकते हैं। इस दिन धनिष्ठा नक्षत्र और अष्टमी तिथि का संयोग है, जो प्रगति और स्थिरता का संकेत देता है।
11 मई 2026, सोमवार
दोपहर 03:24 बजे से अगले दिन 12 मई को रात 01:28 बजे तक शुभ समय रहेगा। शतभिषा नक्षत्र और दशमी तिथि में वाहन खरीदना लाभकारी माना गया है।
14 मई 2026, बृहस्पतिवार
सुबह 11:20 बजे से रात 10:34 बजे तक वाहन खरीदने का अच्छा मुहूर्त है। इस दिन रेवती नक्षत्र और त्रयोदशी तिथि का योग बन रहा है, जो बेहद शुभ माना जाता है।
मई 2026 में प्रॉपर्टी खरीदने के शुभ मुहूर्त
संपत्ति खरीदने के लिए भी मई में बहुत सीमित दिन ही शुभ माने गए हैं। आइए जानते हैं वे तारीखें कौन सी हैं।
1 मई 2026, शुक्रवार
सुबह 04:35 बजे से 2 मई को 05:40 बजे तक संपत्ति खरीदने का शुभ समय है। इस दिन विशाखा नक्षत्र और प्रतिपदा तिथि का संयोग है, जो नई शुरुआत के लिए अच्छा माना जाता है।
7 मई 2026, बृहस्पतिवार
सुबह 05:36 बजे से शाम 06:46 बजे तक प्रॉपर्टी खरीद सकते हैं। पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र और पंचमी-षष्ठी तिथि का यह संयोग स्थिर निवेश के लिए अनुकूल है।
14 मई 2026, बृहस्पतिवार
सुबह 05:31 बजे से रात 10:34 बजे तक संपत्ति खरीदने का शुभ मुहूर्त है। रेवती नक्षत्र और द्वादशी-त्रयोदशी तिथि का यह मेल बेहद शुभ माना गया है।
मई में क्यों सीमित हैं शुभ दिन
मई 2026 में अधिक मास का प्रभाव 16 मई के बाद से शुरू हो रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस अवधि में मांगलिक कार्य जैसे विवाह, गृह प्रवेश, वाहन या संपत्ति खरीदना वर्जित माना जाता है। यही कारण है कि 16 मई के बाद पूरे महीने में कोई भी शुभ मुहूर्त उपलब्ध नहीं है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी पंचांग पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
