Angarak Yog 2026: 23 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर मंगल ने कुंभ राशि में गोचर किया था। कुंभ राशि में पहले से ही राहु मौजूद था, ऐसे में मंगल और राहु की युति से अंगारक योग बन गया। ज्योतिष में इस योग को काफी उग्र माना जाता है, क्योंकि मंगल और राहु दोनों ही उग्र स्वभाव के ग्रह हैं। जब ये दोनों एक साथ आते हैं तो व्यक्ति के स्वभाव में जल्दबाजी, क्रोध और गलत निर्णय लेने की संभावना बढ़ सकती है। इसका असर कई राशियों पर देखने को मिल सकता है।
मंगल अब 2 अप्रैल को कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में प्रवेश करेंगे। तब तक यह अंगारक योग बना रहेगा। ऐसे में कुछ राशियों के लोगों को इस समय विशेष सावधानी रखने की जरूरत है। आइए जानते हैं वे 5 राशियां कौन सी हैं जिनके लिए यह समय थोड़ा कठिन रह सकता है।
मेष राशि
अंगारक योग के प्रभाव से मेष राशि के लोगों को इस समय मानसिक तनाव और खर्चों का सामना करना पड़ सकता है। काम के सिलसिले में भागदौड़ बढ़ सकती है और कई बार मेहनत के अनुसार परिणाम मिलने में देरी हो सकती है। ऑफिस या जॉब में किसी बात को लेकर विवाद होने की संभावना भी बन सकती है। ऐसे समय में धैर्य बनाए रखना बहुत जरूरी होगा। किसी भी फैसले को जल्दबाजी में लेने से बचें और पैसों के मामले में भी सतर्क रहें।
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और मसूर की दाल का दान करें।
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लोगों को इस योग के कारण जॉब और बिजनेस में थोड़ा दबाव महसूस हो सकता है। कार्यक्षेत्र में काम की जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं और किसी प्रोजेक्ट को लेकर तनाव भी हो सकता है। दोस्तों या सहयोगियों के साथ गलतफहमी होने की संभावना भी बन सकती है। आर्थिक मामलों में भी सोच-समझकर निर्णय लेना बेहतर रहेगा। इस समय धैर्य और संयम से काम लेना जरूरी है।
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान जी के मंदिर जाकर लाल फूल अर्पित करें।
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लोगों के लिए यह समय कॅरियर के मामले में थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। जॉब में काम का दबाव बढ़ सकता है और सीनियर्स की अपेक्षाएं भी अधिक हो सकती हैं। बिजनेस करने वालों को किसी नए निर्णय से पहले अच्छी तरह सोच लेना चाहिए। जल्दबाजी में लिया गया फैसला बाद में परेशानी दे सकता है। परिवार में भी किसी बात को लेकर बहस होने की संभावना है, इसलिए बातचीत में संयम रखें।
उपाय: मंगलवार के दिन गुड़ और चने का दान करें और हनुमान जी का ध्यान करें।
कर्क राशि
कर्क राशि के लोगों को इस समय मानसिक तनाव और चिंता महसूस हो सकती है। जॉब या बिजनेस में योजनाएं बनेंगी लेकिन उन्हें पूरा होने में समय लग सकता है। यात्रा के दौरान भी थोड़ा सावधान रहने की जरूरत होगी। स्टूडेंट्स को पढ़ाई पर अधिक ध्यान देना होगा क्योंकि मन थोड़ा भटक सकता है। इस समय किसी भी काम में जल्दबाजी से बचना और धैर्य रखना बहुत जरूरी होगा।
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और लाल वस्त्र का दान करें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि में ही यह अंगारक योग बन रहा है, इसलिए इस राशि के लोगों को थोड़ा ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है। स्वभाव में चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है और छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आ सकता है। जॉब और बिजनेस में भी तनाव बढ़ सकता है। पैसों के मामलों में भी सोच-समझकर निर्णय लेना चाहिए। इस समय धैर्य और शांत स्वभाव बनाए रखना ही आपके लिए सबसे अच्छा रहेगा।
उपाय: मंगलवार के दिन हनुमान मंदिर जाकर सरसों के तेल का दीपक जलाएं और गुड़ का दान करें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
