अध्यात्म

चांदी काटेंगे इन 5 राशियों के लोग और दूर होगा अमंगल, सूर्य के नक्षत्र में पहुंच गए हैं सेनापति मंगल

Mangal Nakshatra Gochar 2026 : ग्रहों के सेनापति मंगल ने कृत्तिका नक्षत्र में गोचर कर लिया है। मंगल के इस गोचर से कुछ राशि वालों को बंपर लाभ होना लगभग तय है।

Image

मंगल का नक्षत्र परिवर्तन किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा

Mangal Nakshatra Gochar 2026 : वैदिक ज्योतिष में ग्रहों के राशि परिवर्तन के साथ-साथ नक्षत्र परिवर्तन का भी विशेष महत्व माना जाता है। ग्रह जब किसी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं तो उस नक्षत्र के स्वामी ग्रह का प्रभाव भी उनके फल पर पड़ता है। 16 जून 2026 की सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर मंगल ग्रह ने सूर्य के स्वामित्व वाले कृत्तिका नक्षत्र में प्रवेश कर लिया है। मंगल इस समय अपनी ही राशि मेष में स्थित हैं। ऐसे में मंगल का कृत्तिका नक्षत्र में जाना कई राशियों के लिए शुभ परिणाम देने वाला माना जा रहा है।

मंगल को ज्योतिष में साहस, ऊर्जा, भूमि, संपत्ति, पराक्रम, सेना, तकनीक और नेतृत्व क्षमता का कारक ग्रह माना जाता है। वहीं कृत्तिका नक्षत्र के स्वामी सूर्य हैं, जो आत्मविश्वास, मान-सम्मान, पद और अधिकार के प्रतीक हैं। ऐसे में मंगल और सूर्य के संबंध से बनने वाला यह प्रभाव व्यक्ति में आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत कर सकता है।

मंगल के कृत्तिका नक्षत्र में जाने से क्या लाभ होंगे

कृत्तिका नक्षत्र अग्नि तत्व से जुड़ा हुआ माना जाता है। इसका स्वामी सूर्य होने के कारण इसमें तेज, ऊर्जा और नेतृत्व की भावना होती है। जब ऊर्जा और पराक्रम के कारक मंगल इस नक्षत्र में आते हैं तो काम करने की क्षमता बढ़ सकती है।

इस दौरान जिन लोगों के कार्य लंबे समय से रुके हुए हैं, उन्हें गति मिल सकती है। नौकरी, व्यापार, जमीन-जायदाद, प्रतियोगी परीक्षा और नेतृत्व से जुड़े क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

मेष राशि

मंगल मेष राशि के स्वामी ग्रह हैं और इस समय मेष राशि में ही स्थित हैं। ऐसे में मंगल का कृत्तिका नक्षत्र में प्रवेश मेष राशि के जातकों के लिए काफी प्रभावशाली रह सकता है। इस दौरान आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और कार्यक्षेत्र में अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी करने वालों को नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। व्यापार में नई योजनाओं पर काम करने का अच्छा समय रहेगा। जो लोग प्रतियोगी परीक्षा, सेना, पुलिस, खेल या तकनीकी क्षेत्र से जुड़े हैं, उन्हें लाभ मिलने के योग बन सकते हैं।

सिंह राशि

सिंह राशि के स्वामी सूर्य हैं और मंगल का प्रवेश सूर्य के नक्षत्र में हो रहा है। इसलिए सिंह राशि के जातकों के लिए यह गोचर विशेष लाभकारी माना जा सकता है। इस समय करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं। नौकरी में पद और प्रतिष्ठा बढ़ सकती है। नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी और समाज में सम्मान प्राप्त हो सकता है। राजनीति, प्रशासन और मैनेजमेंट से जुड़े लोगों के लिए यह समय अनुकूल रह सकता है।

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि के स्वामी भी मंगल हैं, इसलिए मंगल का यह नक्षत्र परिवर्तन इस राशि के लिए सकारात्मक परिणाम दे सकता है। इस दौरान रुके हुए कार्य पूरे होने की संभावना बन सकती है। आर्थिक मामलों में सुधार हो सकता है। जमीन, प्रॉपर्टी और निवेश से जुड़े मामलों में लाभ मिल सकता है। आपकी मेहनत और साहस से कई मुश्किल काम आसान हो सकते हैं।

धनु राशि

धनु राशि के जातकों के लिए मंगल का कृत्तिका नक्षत्र में गोचर भाग्य और कार्यक्षेत्र के मामलों में लाभ दे सकता है। इस दौरान करियर में नए अवसर मिल सकते हैं। नौकरी बदलने या नए काम की शुरुआत करने की योजना बना रहे लोगों को सफलता मिल सकती है। विद्यार्थियों के लिए भी यह समय मेहनत का अच्छा परिणाम देने वाला हो सकता है।

मकर राशि

मकर राशि के जातकों के लिए मंगल का यह गोचर आर्थिक और कार्यक्षेत्र से जुड़े मामलों में फायदा दे सकता है। व्यापार में नई डील मिलने और आय के नए स्रोत बनने के योग बन सकते हैं। प्रॉपर्टी और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रह सकता है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article