अध्यात्म

मेन गेट पर गणेश जी की फोटो लगानी चाहिए या नहीं, क्या कहता है वास्तु शास्त्र ; गणेश का चित्र मुख्य द्वार पर लगाने से क्या होता है

Vastu Rule For Main Gate : भगवान गणेश का चित्र मेनगेट पर लगाने को लेकर वास्तु में कुछ नियम बताए गए हैं। इनका पालन करने से घर में दरिद्रता आने लगती है, क्योंकि भगवान गणेश की पीठ के पीछे दरिद्रता का वास होता है।

Image

गणेश जी की फोटो मेन गेट पर लगानी चाहिए क्या

Main Gate Par Ganesh Ji Ki Photo Kaise Lagani Chahiye : सनातन धर्म में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत भगवान गणेश से की जाती है। उन्हें विघ्नहर्ता, बुद्धि के देवता और मंगल के अधिष्ठाता के रूप में पूजा जाता है। यही कारण है कि बहुत से लोग अपने घर के मुख्य द्वार पर गणेश जी की तस्वीर या मूर्ति स्थापित करते हैं। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मक ऊर्जा प्रवेश नहीं कर पाती है, लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार गणेश जी की तस्वीर लगाने के भी कुछ नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करना जरूरी माना जाता है।

क्या मुख्य द्वार पर गणेश जी की तस्वीर लगाना चाहिए

वास्तु शास्त्र में मुख्य द्वार को घर का ‘मुख’ कहा गया है। यहीं से घर में ऊर्जा का प्रवेश होता है। इस कारण मुख्य द्वार को शुभ और सकारात्मक बनाए रखने के लिए गणेश जी की तस्वीर या प्रतिमा लगाना शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान गणेश घर में आने वाली बाधाओं को दूर करते हैं और सुख-समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं। यही वजह है कि नए घर, दुकान या कार्यालय के प्रवेश द्वार पर गणपति की स्थापना की परंपरा सदियों से चली आ रही है।

कैसे लगानी चाहिए मेनगेट पर गणेश जी की तस्वीर

वास्तु के जानकारों के अनुसार भगवान गणेश के मुख वाले भाग में समृद्धि और शुभता का वास होता है, जबकि उनकी पीठ की ओर दरिद्रता का निवास माना जाता है। इसी कारण कई वास्तु के अनुसार, गणेश जी की तस्वीर इस प्रकार लगाई जाए कि उनकी पीठ घर के मुख्य हिस्से की ओर न हो।

वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार गणेश जी की तस्वीर मुख्य द्वार के अंदर की ओर लगाना अधिक शुभ माना जाता है। यानी जब कोई व्यक्ति घर में प्रवेश करे या घर से बाहर निकले तो उसके दर्शन हो सकें। ऐसा माना जाता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और शुभ फल प्राप्त होते हैं।

बाहर की ओर तस्वीर लगानी हो तो क्या करें

कई लोग घर के बाहर भी गणेश जी की तस्वीर लगाते हैं। वास्तु में इसके लिए एक विशेष उपाय बताया गया है। यदि मुख्य द्वार के बाहर गणेश जी की तस्वीर लगानी हो तो ठीक उसी स्थान पर दरवाजे के अंदर भी एक तस्वीर लगाई जाती है। इस प्रकार दोनों तस्वीरों की पीठ आपस में सटी रहती है और दोनों ओर से गणेश जी का मुख दिखाई देता है। इसे वास्तु में शुभ माना जाता है।

कैसी होनी चाहिए गणेश जी की तस्वीर

मुख्य द्वार के लिए शांत, सौम्य और आशीर्वाद देती हुई मुद्रा वाले गणेश जी की तस्वीर सर्वश्रेष्ठ मानी जाती है। विशेष रूप से इन स्वरूपों को शुभ माना जाता है।

  • बैठे हुए गणेश जी
  • कमल पर विराजमान गणपति
  • आशीर्वाद मुद्रा वाले गणेश जी
  • सिद्धिविनायक स्वरूप
  • बाईं ओर मुड़ी हुई सूंड वाले गणेश जी

वास्तु के अनुसार वाममुखी (बाईं ओर सूंड वाले) गणेश जी गृहस्थ जीवन के लिए अधिक शुभ माने जाते हैं।

किन तस्वीरों से बचना चाहिए

मुख्य द्वार पर इन प्रकार की तस्वीरें लगाने से बचना चाहिए।

  • खंडित या टूटी हुई प्रतिमा
  • उग्र या क्रोधित स्वरूप
  • धूल-मिट्टी से ढकी तस्वीर
  • बहुत पुरानी और क्षतिग्रस्त फोटो
  • युद्ध या संहारक मुद्रा वाले चित्र व दाईं ओर सूंड वाले

बनाएं स्वस्तिक और लिखे शुभ-लाभ

यदि कोई व्यक्ति गणेश जी की तस्वीर नहीं लगाना चाहता, तो वास्तु शास्त्र में मुख्य द्वार पर लाल रंग से स्वस्तिक, शुभ-लाभ या ॐ अंकित करना भी शुभ माना गया है। मान्यता है कि इससे सकारात्मक ऊर्जा आकर्षित होती है और वास्तु दोष कम होते हैं।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article