Gangaur Vrat Ki Katha (गणगौर व्रत की कथा): नवरात्र के तीसरे दिन या चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को राजस्थान सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में गणगौर का पर्व मनाया जाता है। गणगौर केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि आस्था, प्रेम और परंपरा का सुंदर संगम है। यह पर्व मुख्य रूप से भगवान भगवान शिव और माता माता पार्वती को समर्पित होता है। गणगौर में ‘गण’ का अर्थ शिव और ‘गौर’ का अर्थ पार्वती है। यह त्योहार विशेष रूप से महिलाओं के लिए खास माना जाता है, जो अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं। इसके अलावा कुंवारी कन्याएं सुयोग्य वर की कामना में गणगौर का व्रत करती हैं। आगे पढ़ें गणगौर व्रत की संपूर्ण कथा।
Gangaur Vrat Ki Katha (गणगौर व्रत की कथा)
गणगौर की कहानी उस समय की है जब भगवान शिव, माता पार्वती और नारद मुनि पृथ्वी भ्रमण के लिए निकले थे। संयोग से वह दिन चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि थी, जिसे गौरी तृतीया या गणगौर भी कहा जाता है। जब गांव वालों को उनके आगमन की खबर मिली, तो पूरे गांव में उत्साह की लहर दौड़ गई। सबसे पहले गांव की निर्धन महिलाएं जल, फूल और फल लेकर शिव-पार्वती की सेवा में पहुंचीं। उनके पास भले ही भौतिक साधन कम थे, लेकिन उनकी भक्ति और श्रद्धा अपार थी। उनकी सच्ची सेवा देखकर माता पार्वती भाव-विभोर हो गईं। उन्होंने अपने हाथों से जल लेकर उन महिलाओं पर 'सुहाग रस' छिड़कते हुए आशीर्वाद दिया कि उनका सुहाग सदा अटल रहेगा।
इसके कुछ देर बाद गांव की धनी महिलाएं भी तरह-तरह के पकवान और भेंट लेकर वहां पहुंचीं। यह देखकर भगवान शिव ने मुस्कुराते हुए माता पार्वती से कहा “आप तो सारा सुहाग रस पहले ही बांट चुकी हैं, अब इन्हें क्या देंगी?” इस पर माता पार्वती ने गूढ़ भाव से उत्तर दिया “जो निर्धन महिलाएं थीं, उन्हें मैंने बाहरी सुहाग दिया है, लेकिन इन महिलाओं को मैं अपने समान सौभाग्य का आशीर्वाद दूंगी।” यह कहकर माता पार्वती ने अपनी उंगली से रक्त की बूंदें निकालकर उन महिलाओं पर छिड़क दीं। मान्यता है कि जिस महिला पर जितनी बूंदें गिरीं, उसे उतना ही अखंड सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस तरह माता ने भक्ति के अनुसार सभी को सुहाग का वरदान दिया।
इसके बाद माता पार्वती स्नान के लिए नदी तट पर गईं। वहां उन्होंने बालू से एक शिवलिंग बनाकर उसकी विधि पूर्वक पूजा की। उनकी श्रद्धा से प्रसन्न होकर स्वयं भगवान शिव उस शिवलिंग से प्रकट हुए और बोले “जो भी स्त्री इस तिथि को श्रद्धा से मेरी और गौरी की पूजा करेगी, उसे अखंड सौभाग्य प्राप्त होगा।”
कथा में एक रोचक मोड़ तब आता है जब माता पार्वती वापस लौटने में देर कर देती हैं और भगवान शिव उनसे कारण पूछते हैं। माता मुस्कुराकर कहती हैं कि उन्हें नदी किनारे अपने भाई-भाभी मिल गए थे, जिन्होंने उनका आतिथ्य किया। भगवान शिव उनकी बात समझ जाते हैं, लेकिन लीला को आगे बढ़ाते हुए वे खुद भी उनसे मिलने की इच्छा जताते हैं। जब वे नदी तट पर पहुंचते हैं, तो वहां एक भव्य महल और पार्वती के “भाई-भाभी” दिखाई देते हैं। कुछ समय वहां बिताने के बाद जब वे लौटते हैं, तो शिवजी अपनी माला वहीं भूल जाने का बहाना करते हैं और नारद मुनि को उसे लाने भेजते हैं।
नारद मुनि जब वापस उस स्थान पर पहुंचते हैं, तो वहां न कोई महल होता है और न ही कोई व्यक्ति वहां सिर्फ जंगल और एक पेड़ पर लटकी शिवजी की माला। यह देखकर वे आश्चर्यचकित हो जाते हैं। जब वे माला लेकर लौटते हैं और यह बात बताते हैं, तो शिव और पार्वती मुस्कुरा उठते हैं। तब नारद जी को स्पष्ट होता है कि यह सब एक दिव्य माया थी, जो प्रेम, विश्वास और लीला का अद्भुत उदाहरण है।
गणगौर व्रत का महत्व
यह पर्व केवल विवाहित महिलाओं के लिए ही नहीं, बल्कि अविवाहित लड़कियों के लिए भी विशेष महत्व रखता है। वे अच्छे वर की प्राप्ति के लिए माता गौरी से प्रार्थना करती हैं। यह कथा हमें सिखाती है कि सच्ची भक्ति, समर्पण और प्रेम ही जीवन में सबसे बड़ा सौभाग्य है। गणगौर का यह पर्व आज भी उसी आस्था और विश्वास के साथ मनाया जाता है, जहां हर महिला माता गौरी से अपने सुहाग की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती है।
