अध्यात्म

Falgun Amavasya Kab Hai 2026: फाल्गुन अमावस्या पर लगेगा सूर्य ग्रहण, जानें फाल्गुन मास की अमावस्या कब है, क्या है सही डेट

Falgun Amavasya Kab Hai 2026: सनातन धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष महत्व माना जाता है। फरवरी 2026 में फाल्गुन अमावस्या किस तारीख को है, ये आप यहां से जान सकते हैं। यहां से आप फाल्गुन अमावस्या की डेट और पूजा विधि पढ़ें और साथ ही यहां से व्रत कथा भी जानें।

Image

फाल्गुन अमावस्या कब है 2026 में (pc: canva)

Falgun Amavasya Kab Hai 2026: हिंदू धर्म में अमावस्या का खास महत्व होता है। फाल्गुन अमावस्या को पितरों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण और पिंडदान किया जाता है। ये दिन विशेष रूप से पितृ तर्पण, पितृ शांति, और पितृ-दोष निवारण के लिए माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन किए गए पितृकर्म से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। कहते हैं कि अमावस्या पर पितर सूर्य के अस्त होने तक घर के द्वार पर वायु के रूप में रहते हैं। साल 2026 में फाल्गुन अमावस्या किस दिन है? क्या तिथि है? इन सबकी जानकारी आपको यहां से मिलेगी।

फाल्गुन अमावस्या कब है 2026 में?

महाशिवरात्रि के अगले दिन ही फाल्गुन अमावस्या मनाया जाता है। पंचाग के अनुसार इस साल फाल्गुन मास की अमावस्या तिथि 16 फरवरी, सोमवार की शाम 05:34 बजे से शुरू होकर अगले दिन 17 फरवरी, मंगलवार को सायंकाल 05:30 बजे तक रहेगी। इसलिए साल 2026 में फाल्गुन अमावस्या 17 फरवरी, मंगलवार को मनाया जाएगा।

क्यों खास है इस साल की फाल्गुन अमावस्या?

साल 2026 में फाल्गुन महीने की अमावस्या के दिन ही साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। यानी 17 फरवरी 2026 को ही सूर्य ग्रहण है। इस दिन ग्रहण शाम 5 बजकर 26 मिनट से शाम 7 बजकर 57 मिनट तक रहेगा। लेकिन यह भारत में नजर नहीं आएगा, इसलिए इसका कोई भी प्रभाव मान्य नहीं रहेगा।

फाल्गुन अमावस्या पूजा विधि

फाल्गुन अमावस्या पर प्रातःकाल उठ जाएं और किसी पवित्र नदी या कुंड में जाकर स्नान करें। आप घर पर नहाने के जल में ही गंगाजल मिलाकर नहा सकते हैं। इसके बाद सूर्य देव को प्रणाम करके अर्घ्य दें। फिर भगवान गणेश का ध्यान करें और उनके मंत्रों का जाप करें। विष्णु जी और महादेव भगवान की विधि विधान पूजा-अर्चना करें और व्रत का संकल्प लें। घर में गोमूत्र का छिड़काव जरूर करें और पूर्वजों के लिए तर्पण करें। तर्पण के बाद ब्राह्मणों को भोजन करकार दान-दक्षिणा दें। शाम के समय पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का दीपक जलाएं। फिर पूर्वजों का स्मरण करते हुए पेड़ की सात बार परिक्रमा करें।

फाल्गुन अमावस्या कथा

फाल्गुन अमावस्या की कथा अनुसार एक बार ऋषि दुर्वासा इंद्र देव और सभी देवताओं पर क्रोधित हो गए और उन्होंने इंद्र देव के साथ-साथ सभी देवताओं को श्राप दे दिया था। ऋषि दुर्वासा के श्राप से सभी देवताओं की शक्‍तियां कमजोर हो गईं। जिसका लाभ असुरों ने उठा लिया। असुरों ने देवताओं की ऐसी स्थिति को देखकर उन पर आक्रमण कर दिया। असुरों से हारने के बाद सभी देवतागण मदद के लिए भगवान विष्णु के पास गए। भगवान विष्णु ने सभी देवताओं की बात सुनकर उन्हें सलाह देते हुए कहा कि आप दैत्यों के साथ मिलकर समुद्र मंथन करें। इसके बाद सभी देवता और राक्षस अमृत पाने के लालच में समुद्र मंथन करने लगे। जब समुद्र से अमृत निकला तो इंद्र देव का पुत्र जयंत अमृत का कलश लेकर आकाश में उड़ गया। जिसके बाद सभी दैत्य जयंत का पीछा करने लग गए और अंत में दैत्यों ने उससे अमृत का कलश छीन लिया। अब बारह दिनों तक अमृत का कलश पाने के लिए देवता और असुरों में युद्ध चलता रहा। इस युद्ध के दौरान कलश से अमृत की कुछ बूंदें धरती के चार पवित्र स्थानों पर जा गिरी। ये स्थान थे प्रयाग, हरिद्वार, नासिक और उज्जैन। उस समय चंद्रमा, सूर्य, गुरु, शनि ने अमृत कलश की असुरों से रक्षा की थी। इसके बाद भगवान विष्णु ने मोहिनी का रूप धारण करके असुरों का ध्यान भटकाते हुए देवताओं को छल से अमृतपान करवा दिया। कहते हैं तभी से अमावस्या की तिथि पर इन जगहों पर स्नान करना बेहद शुभ माना जाता है।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article