Electronic Items And Astrology : आज के समय में घर के लगभग हर काम में इलेक्ट्रॉनिक चीजों का इस्तेमाल होता है। इसमें टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल, लैपटॉप और अन्य उपकरण हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। कई बार ऐसा देखा जाता है कि ये चीजें बार-बार खराब होने लगती हैं, अचानक बंद हो जाती हैं या बार-बार रिपेयर की जरूरत पड़ती है। जहां एक ओर इसके पीछे तकनीकी कारण हो सकते हैं, वहीं ज्योतिष शास्त्र में इसे ग्रहों के अशुभ प्रभाव से भी जोड़ा जाता है। मेदिनी और वैदिक ज्योतिष के अनुसार, कुछ ग्रह ऐसे हैं जो बिजली, ऊर्जा, तकनीक और तरंगों को प्रभावित करते हैं। जब ये ग्रह कमजोर या अशुभ स्थिति में होते हैं, तो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बार-बार खराबी आने लगती है।
किन ग्रहों से जुड़ा है इलेक्ट्रॉनिक सामान?
ज्योतिष के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स मुख्य रूप से इन ग्रहों से जुड़े माने जाते हैं।
राहु: यह ग्रह आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, नेटवर्क और अचानक होने वाली खराबी का कारक माना जाता है।
शनि: मशीन, लोहे और भारी उपकरणों का प्रतिनिधित्व करता है।
मंगल: ऊर्जा, बिजली और आग का कारक है।
बुध: संचार और छोटे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जैसे मोबाइल, कंप्यूटर आदि से जुड़ा होता है।
जब इन ग्रहों की स्थिति खराब होती है या ये आपस में अशुभ योग बनाते हैं, तो इलेक्ट्रॉनिक चीजों में समस्या आ सकती है।
किन स्थितियों में बढ़ती है खराबी?
जब कुंडली या गोचर में राहु और मंगल का संबंध बनता है, तो अचानक शॉर्ट सर्किट, स्पार्किंग या उपकरण जलने जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं। वहीं, शनि और राहु का संबंध बनने पर बार-बार मशीन खराब होना, रिपेयर के बाद भी सही से काम न करना जैसी दिक्कतें आती हैं। अगर बुध कमजोर हो या राहु के प्रभाव में आ जाए, तो मोबाइल, लैपटॉप, टीवी जैसी चीजों में गड़बड़ी बढ़ जाती है। इसमें हैंग होना, स्क्रीन खराब होना या नेटवर्क समस्या आदि दिक्कतें देखने को मिल सकती हैं। मंगल की अशुभ स्थिति से बिजली से जुड़े उपकरण जल्दी खराब होते हैं, जबकि शनि की खराब स्थिति में बड़े और भारी उपकरण जैसे फ्रिज, वॉशिंग मशीन आदि में बार-बार समस्या आ सकती है।
घर में मिलते हैं ये संकेत
अगर घर में बार-बार बल्ब फ्यूज हो रहे हैं, वायरिंग में दिक्कत आ रही है या नए खरीदे गए उपकरण भी जल्दी खराब हो रहे हैं, तो इसे केवल तकनीकी समस्या मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह ग्रहों के असंतुलन का संकेत भी हो सकता है।
इसके अलावा, अचानक बिजली का झटका लगना, उपकरणों से आवाज आना या बार-बार फ्यूज उड़ना भी इसी दिशा में इशारा करता है।
इन उपायों से मिल सकती है राहत
अगर आपके घर में भी इलेक्ट्रॉनिक चीजें बार-बार खराब हो रही हैं, तो ज्योतिष के अनुसार कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं।
पहला उपाय यह है कि शनिवार के दिन काले तिल और सरसों के तेल का दान करें। इससे शनि और राहु का अशुभ प्रभाव कम होता है और मशीनों से जुड़ी समस्याएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं।
दूसरा उपाय यह है कि घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के पास लाल रंग का छोटा कपड़ा या तांबे का सिक्का रखें। इससे मंगल ग्रह मजबूत होता है और बिजली से जुड़े दोष कम होते हैं।
इसके अलावा, बुधवार के दिन हरे रंग की चीजों का दान करने से बुध ग्रह मजबूत होता है, जिससे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य गैजेट्स में आ रही दिक्कतें कम हो सकती हैं।
इन पहलुओं पर भी दें ध्यान
यह समझना भी जरूरी है कि हर खराबी के पीछे केवल ग्रह जिम्मेदार नहीं होते हैं। कई बार खराब वायरिंग, वोल्टेज फ्लक्चुएशन या घटिया क्वालिटी के उपकरण भी कारण हो सकते हैं। इस कारण तकनीकी जांच जरूर करानी चाहिए। अगर बार-बार समस्या आ रही है और कोई स्पष्ट कारण समझ नहीं आ रहा, तो ज्योतिषीय दृष्टि से भी इसे देखना उपयोगी हो सकता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
