अध्यात्म

डॉयमंड टाइम होने वाला है स्टार्ट, बुध का नक्षत्र परिवर्तन इन 5 राशि वालों को बनाएगा धनवान

Budh Pushya Nakshatra Gochar 2026: आगामी 8 अगस्त की सुबह बुध पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करने वाले हैं। उनके इस नक्षत्र में पहुंचने से कुछ राशि वालों को भाग्योदय होना लगभग तय है।

Image

बुध का पुष्य नक्षत्र में प्रवेश किन राशियों के लिए शुभ रहेगा

Budh Pushya Nakshatra Gochar 2026: ग्रहों के राजकुमार बुध 8 अगस्त 2026 की सुबह 7 बजकर 23 मिनट पर पुष्य नक्षत्र के प्रथम पद में प्रवेश करेंगे। इस समय बुध कर्क राशि में ही स्थित रहेंगे। पुष्य नक्षत्र के स्वामी शनि हैं। बुध का कर्क राशि में रहना और उसके बाद शनि के नक्षत्र में प्रवेश करना इस गोचर को सामान्य नक्षत्र परिवर्तन से अलग बनाता है।

बुध बुद्धि, वाणी, व्यापार, लेखन, गणना, सौदेबाजी और निर्णय क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं। कर्क राशि इन विषयों में भावनात्मक समझ जोड़ती है। पुष्य नक्षत्र का स्वामी शनि होने से बुध की ऊर्जा में गंभीरता, अनुशासन और दूर की सोच का प्रभाव बढ़ जाता है।

पुष्य के प्रथम पद की नवांश स्थिति मेष की है। यहां शनि की धीमी और व्यवस्थित प्रकृति के साथ मंगल की तेज ऊर्जा जुड़ती है। इसके कारण सोचने और फैसला लेने के बीच का अंतर कम हो सकता है।

सही दिशा में इसका इस्तेमाल किया जाए तो यह स्थिति किसी योजना को केवल सोचने के बजाय उसे जमीन पर उतारने में मदद कर सकती है। इस गोचर का सबसे बड़ा लाभ उन लोगों को मिल सकता है जो बुद्धि, बातचीत, व्यापार और अपनी कार्यक्षमता के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

बुध का पुष्य में जाना क्यों है खास

बुध जिस राशि में रहते हैं, वहां से जुड़े मामलों में सोचने और निर्णय लेने का तरीका प्रभावित होता है। कर्क राशि परिवार, संपत्ति, सुरक्षा, भावनाओं और निजी जीवन से जुड़े विषयों को भी सामने लाती है। पुष्य में पहुंचने के बाद बुध इन विषयों को ज्यादा व्यवस्थित नजर से देखने लगते हैं। किसी फैसले में केवल तत्काल फायदा देखने के बजाय उसके आगे के परिणाम पर ध्यान जा सकता है। यह समय खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जिन्हें लंबे समय से किसी फैसले, नौकरी, व्यापार, धन या पारिवारिक मामले में स्पष्टता नहीं मिल रही थी।

8 अगस्त के बाद बदल सकता है सोचने का तरीका

इस गोचर का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि व्यक्ति किसी बात पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय उसे परखने की कोशिश कर सकता है। शनि की वजह से बुध की गति थोड़ी गंभीर होती है। दूसरी तरफ पुष्य के प्रथम पद की मेष नवांश स्थिति निर्णय में तेजी ला सकती है। यानी स्थिति कुछ ऐसी बनती है कि सोच समझकर फैसला लेने की क्षमता बढ़ेगी, पर फैसला करने का समय बहुत लंबा नहीं होना चाहिए। व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, लेखन और मीडिया से जुड़े लोगों, सलाहकारों, शिक्षकों तथा उन लोगों के लिए यह स्थिति उपयोगी हो सकती है जिनके काम में लगातार बातचीत और निर्णय लेने की जरूरत पड़ती है। आइए जानते हैं कि इस गोचर से किन राशि वालों के लाभ हो सकता है।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के जातकों के लिए यह गोचर काफी उपयोगी रह सकता है। बुध का कर्क में गोचर आपकी आर्थिक समझ और परिवार से जुड़े मामलों को सक्रिय करेगा। पैसे से जुड़ी किसी पुरानी उलझन को सुलझाने का रास्ता मिल सकता है। आय के साथ बचत को लेकर भी बेहतर निर्णय लिए जा सकते हैं। व्यापार करने वाले लोगों को पुराने संपर्कों से फायदा मिल सकता है। किसी पुराने ग्राहक या कारोबारी संपर्क से दोबारा बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है। घर, संपत्ति या परिवार से जुड़े किसी विषय पर भी व्यावहारिक फैसला लेने का समय आ सकता है।

मिथुन राशि

बुध आपकी राशि के स्वामी हैं। ऐसे में उनका नक्षत्र परिवर्तन आपके लिए विशेष महत्व रखता है। कर्क राशि में बुध का गोचर धन और वाणी से जुड़े विषयों को मजबूत कर सकता है। आपकी बात रखने का तरीका प्रभावी हो सकता है। नौकरी में अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने या व्यापार में किसी सौदे को अपने पक्ष में करने का अवसर मिल सकता है। इस दौरान कमाई के नए रास्तों पर विचार हो सकता है। साथ ही पुराने खर्चों को नियंत्रित करने की समझ भी विकसित होगी। परिवार में आपकी बात को महत्व मिल सकता है। किसी आर्थिक फैसले में आपकी सलाह उपयोगी साबित हो सकती है।

कर्क राशि

कर्क राशि में ही बुध स्थित हैं और इसी राशि में रहते हुए वे पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। इस कारण कर्क राशि वालों के लिए यह गोचर काफी व्यक्तिगत असर डाल सकता है। सोच में बदलाव आएगा। किसी पुराने निर्णय को दोबारा देखने की जरूरत महसूस हो सकती है। परिवार, घर, नौकरी या व्यक्तिगत जीवन से जुड़े किसी मामले में स्पष्टता बढ़ सकती है। यहां एक बात ध्यान देने वाली है। कर्क राशि वालों के लिए यह समय भावनाओं के आधार पर फैसला लेने के बजाय तथ्यों को देखकर निर्णय लेने का है। बुध और गुरु की आगामी युति इस प्रभाव को और महत्वपूर्ण बना सकती है। गुरु भी कर्क राशि में मौजूद हैं। ऐसे में अगस्त के मध्य तक ज्ञान, सलाह और निर्णय से जुड़े विषय ज्यादा प्रमुख हो सकते हैं।

कन्या राशि

कन्या राशि के स्वामी भी बुध हैं। इसलिए यह नक्षत्र परिवर्तन आपके लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा सकता है। आपकी कार्यक्षमता और लोगों से संपर्क बढ़ाने की क्षमता मजबूत हो सकती है। कामकाज में ऐसे लोगों से जुड़ाव हो सकता है जो आगे चलकर आपके लिए उपयोगी साबित हों। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। जो लोग नौकरी बदलने की तैयारी कर रहे हैं, उनके लिए सही जानकारी और सही व्यक्ति तक पहुंच बनाना आसान हो सकता है। व्यापारियों के लिए पुराने संपर्कों को दोबारा सक्रिय करना खास फायदेमंद रह सकता है। इस गोचर का फायदा जल्दबाजी में नया काम शुरू करने से ज्यादा सही लोगों के साथ सही बातचीत करने से मिल सकता है।

मकर राशि

मकर राशि के स्वामी शनि हैं और बुध अब शनि के ही पुष्य नक्षत्र में प्रवेश करने वाले हैं। यह स्थिति आपके लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। साझेदारी, व्यापारिक संबंध और निजी रिश्तों में बातचीत का महत्व बढ़ेगा। किसी पुराने विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने का अवसर मिल सकता है। व्यापार करने वालों के लिए किसी नए एग्रीमेंट या साझेदारी पर विचार करने का समय आ सकता है। यहां जल्दबाजी के बजाय शर्तों को ध्यान से पढ़ना ज्यादा जरूरी होगा। नौकरीपेशा लोगों को किसी वरिष्ठ अधिकारी या महत्वपूर्ण व्यक्ति का सहयोग मिल सकता है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article