Vastu Tips: किसी परिचित को भूलकर भी गिफ्ट न करें ये पौधा, दूर हो जाती है सुख, समृद्धि और शांति

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 31, 2022, 01:33 AM IST

Vastu Tips For Money Plant: मनी प्लांट ऐसा पौधा होता है, जिसका संबंध धन से होता है। इसलिए वास्तु के अनुसार किसी को भूलकर भी यह पौधा गिफ्ट में नहीं देना चाहिए। ये बहुत अशुभ माना जाता है।

Vastu Tips: किसी परिचित को भूलकर भी गिफ्ट न करें ये पौधा, दूर हो जाती है सुख, समृद्धि और शांति

Gift Money Plant According to Vastu: आमतौर पर हर घर में मनी प्लांट का पौधा पाया जाता है। यह पत्तेदार और लताओं वाला पौधा होता है, जोकि घर या बाहर कहीं भी आसानी से लग जाता है। आप मिट्टी या फिर सिर्फ पानी में भी इस पौधे को लगा सकते हैं। अन्य पौधों की तुलना में मनी प्लांट की देखभाल में कम मेहनत लगती है।

मनी प्लांट का पौधा ऑक्सीजन भी देता है और इसे इनडोर प्लांट्स के रूप में कमरे में रखने से घर पर खूबसूरती और रौनक भी बढ़ जाती है। इसलिए लोग इसे लगाना पसंद करते हैं। लेकिन मनी प्लांट का संबंध सिर्फ साज-सजावट से ही नहीं होता। बल्कि इसका संबंध धन और घर की सुख-समृद्धि से भी जुड़ा होता है। इसलिए आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि मनी प्लांट के पौधे को लेकर किन चीजों को ध्यान में रखने की जरूरत है।

मनी प्लांट के पौधे को लेकर बरतें ये सावधानी

  1. मनी प्लांट का पौधा लगाते समय दिशा और दिन का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए। वास्तु के अनुसार मनी प्लांट के लिए दक्षिण पूर्व दिशा को सबसे अच्छा माना गया है। लेकिन भूलकर भी उत्तर पूर्व दिशा में मनी प्लांट को नहीं लगाना चाहिए। इससे नकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।
  2. यदि मनी प्लांट का पौधा अच्छी तरह से बढ़ रहा है तो इस बात का भी ध्यान रखें कि इसकी पत्तियां जमीन पर नहीं फैलानी चाहिए। मनी प्लांट की पत्तियों को हमेशा ऊपर की ओर फैलाना चाहिए। इसलिए इसे रस्सी या किसी डंडे की सहायता से ऊपर की ओर कर दें।
  3. मनी प्लांट का संबंध शुक्र ग्रह से होता है। इसलिए शुक्रवार के दिन मनी प्लांट का पौधा लगाना सबसे अच्छा होता है। लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि शुक्रवार के दिन मनी प्लांट की कटिंग या कटाई का काम न करें। इससे शुक्र ग्रह क्रोधित होता है।
  4. फलता फूलता मनी प्लांट सौभाग्य और समृद्धि का प्रतीक होता है तो वहीं सूखा और मुरझाया हुआ मनी प्लांट दुर्भाग्य को दर्शाता है। इसलिए मनी प्लांट के सूखे हुए पत्ते हटाते रहें। यदि मनी प्लांट का पूरा पौधा ही सूख गया है तो इसे तुरंत हटा दें।
  5. मनी प्लांट पौधे का संबंध धन से भी होता है। इसलिए इसे घर के भीतर लगाना चाहिए। कुछ लोग घर के मेन डोर पर ही मनी प्लांट का पौधा सजावट के तौर पर रख देते हैं जोकि बेहद गलत है। मनी प्लांट को घर की बालकनी या कमरे में लगाना शुभ माना जाता है।

किसी को गिफ्ट न करें मनी प्लांट

हर छोटे-बड़े मौके पर हम अपने रिश्तेदार, कर्मचारी या मित्रों को गिफ्ट देते हैं। आजकल गिफ्ट में पौधे देने का प्रचलन बन गया है, जोकि पर्यावरण के लिए भी बहुत अच्छा है। आप गिफ्ट में किसी भी तरह का पौधा दे सकते हैं। लेकिन भूलकर भी किसी को मनी प्लांट का पौधा उपहार में ना दें। वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा करने से नकारात्मकता बढ़ती है। दरअसल मनी प्लांट का संबंध शुक्र ग्रह से होता है।

शुक्र ग्रह को सुख, समृद्धि और शांति का प्रतीक माना गया है। अगर आप किसी को यह पौधा गिफ्ट में देते हैं तो इससे शुक्र ग्रह नाराज हो जाता है और आपके जीवन में कई तरह परेशानियां शुरू हो सकती है। इसलिए ऐसा करने से बचना चाहिए। साथ ही घर पर लगा हुआ मनी प्लांट भी किसी को नहीं देना चाहिए। फिर चाहे वह व्यक्ति आपका कितना ही करीबी क्यों ना हो।

(डिस्क्लेमर: यह पाठ्य सामग्री आम धारणाओं और इंटरनेट पर मौजूद सामग्री के आधार पर लिखी गई है। टाइम्‍स नाउ नवभारत इसकी पुष्‍ट‍ि नहीं करता है।)

End of Article