Aaj kya hai 16 May 2026 (Aaj Amavas Hai Kya): आज 16 मई 2026 दिन शनिवार है और हिंदू पंचांग के अनुसार आज ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि पड़ रही है। इस वजह से आज का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है। आज एक तरफ सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और पति की लंबी उम्र के लिए वट सावित्री व्रत रख रही हैं, वहीं दूसरी ओर न्याय के देवता शनि देव की जयंती भी मनाई जा रही है।
ज्योतिष और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जब शनि जयंती और अमावस्या एक साथ पड़ती है, तब यह दिन विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन पूजा-पाठ, दान और व्रत करने से कई प्रकार के दोषों से राहत मिलने की मान्यता है।
आज 16 मई को कौन सी अमावस्या है?
हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि को पितरों, दान और साधना के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। ज्येष्ठ माह की अमावस्या का महत्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है, क्योंकि इस दिन गर्मी अपने चरम पर होती है और जल, अन्न तथा छाया का दान पुण्यदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन जरूरतमंद लोगों को शीतल जल, पंखा, छाता, वस्त्र और अन्न का दान करने से शुभ फल प्राप्त होता है। कई लोग आज के दिन पितरों की शांति के लिए तर्पण और दान भी करते हैं।
आज कौन सा व्रत है 16 मई को
आज सुहागिन महिलाएं वट सावित्री व्रत रख रही हैं। यह व्रत पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए रखा जाता है।
इस व्रत से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध कथा माता सावित्री और सत्यवान की मानी जाती है। धार्मिक कथा के अनुसार सावित्री ने अपने तप, प्रेम और दृढ़ संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस ले लिए थे। तभी से यह व्रत अखंड सौभाग्य का प्रतीक माना जाता है। इस दिन महिलाएं बरगद यानी वट वृक्ष की पूजा करती हैं और उसके चारों ओर कच्चा सूत बांधकर परिक्रमा करती हैं। बरगद के पेड़ को दीर्घायु और स्थिरता का प्रतीक माना गया है।
आज का दिन विशेष 16 मई 2026
आज शनि देव की जयंती भी मनाई जा रही है। धार्मिक मान्यता के अनुसार ज्येष्ठ अमावस्या के दिन ही शनि देव का जन्म हुआ था। शनि देव को न्याय का देवता माना जाता है। कहा जाता है कि वे व्यक्ति को उसके कर्मों के अनुसार फल देते हैं। इसलिए इस दिन शनि पूजा, दान और मंत्र जाप का विशेष महत्व बताया गया है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जिन लोगों पर शनि की साढ़ेसाती, ढैय्या या शनि दोष चल रहा हो, उनके लिए आज का दिन विशेष माना जाता है। आज तिल का दान, सरसों के तेल का दीपक, काले वस्त्र का दान और पीपल पूजा करना शुभ माना जाता है।
आज क्या करना शुभ माना जाता है?
आज के दिन भगवान हनुमान जी की पूजा करना भी लाभकारी माना जाता है। हनुमान चालीसा और शनि स्तोत्र का पाठ करने से मानसिक शांति मिलने की मान्यता है। इसके अलावा आज के दिन गरीबों को जल, अन्न, छाता, चप्पल, काला तिल और वस्त्र दान करना भी बेहद शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे जीवन की परेशानियां कम होती हैं और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है।
