अध्यात्म

आज 7वें बड़े मंगल पर जरूर करें ये 5 काम, कृपा बरसाएंगे वीर हनुमान

7th Bada Mangal 2026 : आज 16 जून को ज्येष्ठ माह का 7 वां मंगलवार है। आज के दिन कुछ आसान से उपायों को किया जाए तो हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

Image

7वें बड़े मंगल के उपाय

7th Bada Mangal 2026 : ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को सनातन धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है। इन्हें बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है। मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार को भगवान हनुमान की पूजा करने से जीवन में आने वाली परेशानियां दूर होती हैं और बजरंगबली की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

साल 2026 में अधिकमास के कारण ज्येष्ठ महीने में कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं। इसी क्रम में 16 जून 2026 को ज्येष्ठ माह का सातवां बड़ा मंगल मनाया जा रहा है। इस दिन हनुमान जी की पूजा, सुंदरकांड का पाठ, दान-पुण्य और सेवा कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बड़ा मंगल के दिन हनुमान जी की आराधना करने से साहस, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है। इसके साथ ही मंगल ग्रह से जुड़े दोषों को शांत करने और शनि से संबंधित परेशानियों को कम करने के लिए भी यह दिन शुभ माना जाता है।

बड़े मंगल पर पूजा का शुभ समय

आज पूजा का शुभ समय अमृत काल सुबह 05:45 बजे से 07:25 बजे तक रहेगा। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:50 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक है। वहीं, शाम की पूजा का समय शाम 06:30 बजे से 07:45 बजे तक रहेगा। इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया जाता है। खासकर उत्तर भारत में बड़ा मंगल का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसके साथ ही आप ये 5 उपायों को भी कर सकते हैं।

1. हनुमान जी को चोला करें अर्पित

बड़े मंगल के दिन हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का चोला चढ़ाना बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे बजरंगबली प्रसन्न होते हैं और भक्तों को संकटों से लड़ने की शक्ति प्रदान करते हैं। चोला चढ़ाते समय मन में अपनी श्रद्धा और प्रार्थना रखें।

2. सुंदरकांड या हनुमान चालीसा का करें पाठ

हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए सुंदरकांड का पाठ बेहद प्रभावशाली माना जाता है। अगर समय कम हो तो हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जा सकता है। मान्यता है कि नियमित रूप से हनुमान जी का स्मरण करने से भय, तनाव और नकारात्मक विचार दूर होते हैं।

3. बूंदी या बेसन के लड्डू का भोग

बजरंगबली को बूंदी के लड्डू, बेसन के लड्डू और गुड़-चना प्रिय माने जाते हैं। सातवें बड़े मंगल पर हनुमान जी को भोग लगाकर प्रसाद लोगों में बांटना शुभ माना जाता है। इससे घर में सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण बना रहता है।

4. श्रीराम नाम का करें जाप

हनुमान जी भगवान श्रीराम के परम भक्त हैं। इसलिए बड़े मंगल के दिन श्रीराम नाम का जप करना विशेष फलदायी माना जाता है। इस दिन 'श्री राम जय राम जय जय राम' मंत्र का श्रद्धापूर्वक जप करने से मन को शांति मिलती है और हनुमान जी प्रसन्न होते हैं।

5. जल की सेवा और जरूरतमंदों की करें सहायता

ज्येष्ठ महीने में गर्मी अपने चरम पर होती है। ऐसे में राहगीरों के लिए ठंडे पानी, शरबत या भोजन की व्यवस्था करना बहुत पुण्यदायी माना जाता है। जरूरतमंद लोगों को वस्त्र, जूते-चप्पल या गर्मी से राहत देने वाली चीजों का दान करने से सेवा का फल प्राप्त होता है।

जरूर करें पीपल के पत्तों का उपाय

बड़े मंगल के दिन पीपल के 11 साफ पत्ते लेकर उन पर लाल चंदन या कुमकुम से श्रीराम नाम लिखें। इन पत्तों की माला बनाकर हनुमान जी को अर्पित करें। मान्यता है कि इससे आर्थिक परेशानियां दूर होती है।

हनुमान जी का मंत्र

बड़े मंगल के दिन पूजा के दौरान ‘ॐ हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट्।’ मंत्र का जप करना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और व्यक्ति के अंदर साहस व आत्मविश्वास बढ़ता है। ज्येष्ठ माह का बड़ा मंगल हनुमान जी की कृपा पाने का विशेष अवसर माना जाता है। इस दिन श्रद्धा, सेवा और भक्ति भाव से बजरंगबली की पूजा करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की मान्यता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article