जॉब्स

Sarkari Naukri 2025: यूपी फायर सर्विस में 922 नए पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Sarkari Naukri 2025: यूपी में फायर सर्विस विभाग में जल्द ही 922 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सरकारी नौकरी की चाहत रखने वाले युवाओं के सामने यह सुनहरा मौका है।

UP Fire Service Recruitment

UP Fire Service Recruitment

UP Fire Service Recruitment : उत्तर प्रदेश पुलिस के अग्निशमन एवं आपात सेवा विभाग में जल्द ही 922 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। सरकारी नौकरी की चाहत रखने वाले युवाओं के सामने यह सुनहरा मौका है। विभाग के पुनर्गठन के बाद तीन नई इकाइयों- रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम, एक्सप्रेसवे एक्सीडेंट एंड ट्रॉमा सेंटर और स्पेशियली ट्रेंड रेस्क्यू ग्रुपका गठन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर प्रत्येक 100 किलोमीटर की दूरी पर एक फायर टेंडर और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती की जाएगी। इसके लिए लगभग 244 कर्मियों की आवश्यकता होगी।

रेस्क्यू यूनिटों में होगी तैनाती

इसके साथ ही, प्रदेश के प्रत्येक रीजन में कमांडो जैसी विशेष रेस्क्यू यूनिट बनाई जाएगी, जिसके लिए 183 कर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है। ये टीमें केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल, और अन्य आपात स्थितियों के साथ-साथ सुपर हाईराइज इमारतों में होने वाली दुर्घटनाओं से निपटने में विशेष रूप से प्रशिक्षित होंगी।

एयरपोर्ट पर होगी तैनाती

रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत प्रदेश के 9 क्षेत्रीय एयरपोर्टों — कुशीनगर, आजमगढ़, श्रावस्ती, कानपुर नगर, अयोध्या, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और सोनभद्र — पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 420 कर्मियों की आवश्यकता बताई गई है। इस संबंध में भारत सरकार और प्रदेश सरकार के बीच एक एमओयू भी हस्ताक्षरित हुआ है। वर्तमान में इन एयरपोर्टों पर जिलों से कर्मियों की अस्थायी तैनाती की गई है।

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने कहा है कि फायर सेवा में भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने हर विभाग में महिलाओं को समान अवसर देने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। पहले कई विभागों में महिलाओं की नियुक्ति नहीं होती थी, लेकिन अब सरकार विशेष फोकस के साथ उन्हें अग्रणी भूमिकाओं में ला रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शीघ्र ही फायर सेवा विभाग में भी महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा।

लेटेस्ट न्यूज

कुलदीप राघव
कुलदीप राघव Author

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर... और देखें

End of Article