Education News Today in Hindi: आंगनवाड़ी कर्मियों को कौशल संपन्न बनाने के लिए पिछले साल एक पहल शुरू की गई थी, जिसका नाम था ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’। इस स्कीम की शुरुआत 10 मई 2023 को की गई। इस पहल के तहत जून 2024 तक देश भर में 11,364 राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों तथा 1877 आंगनवाड़ी कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है।
पोषण भी, पढ़ाई भी’ योजना का उद्देश्य
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राज्यसभा को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी देते हुए बुधवार को कहा ‘‘छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को शुरूआती देखरेख, शिक्षा तथा पोषण क्षमता प्रदान करने की आंगनवाड़ी कर्मियों की क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ योजना शुरू की गई थी।’’
‘नवचेतना’ और ‘आधारशिला’
उन्होंने बताया कि इसके तहत आंगनवाडी कर्मियों को सशक्त बनाने और दिव्यांग बच्चों सहित सभी बच्चों के लिए शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ कार्यक्रम के तहत दो पाठ्यक्रम रूपरेखा ‘नवचेतना’ और ‘आधारशिला’ तैयार की गई हैं।
‘नवचेतना’ रूपरेखा तीन वर्ष तक की उम्र के बच्चों के लिए और ‘आधारशिला’ रूपरेखा तीन से छह वर्ष तक की उम्र के बच्चों के लिए है।
