देश

'नारी शक्ति के सशक्तिकरण का BJP-NDA का संकल्प अटल, देशहित सर्वोपरि' परिसीमन बिल पर सियासी संग्राम के बीच बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बीजेपी, एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है।

Image

नारी शक्ति पर पीएम मोदी का संदेश

PM Modi on Nari Shakti: देश में प्रस्तावित परिसीमन बिल को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है और इस बीच महिला प्रतिनिधित्व व संवैधानिक सुधारों को लेकर भी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में नारी शक्ति वंदन संशोधन और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर पीएम मोदी का बयान सामने आया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि यह संघर्ष दशकों से चल रहा है और भाजपा व एनडीए का यह संकल्प अक्षुण्ण है।

हमारे लिए देश हित सर्वोपरि: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। नारी शक्ति के सशक्तिकरण का बीजेपी, एनडीए का संकल्प अक्षुण्ण है। हमारे लिए देश हित सर्वोपरि है। लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दल हित सब कुछ हो जाता है, दल हित देश हित से बड़ा हो जाता है, तो नारी शक्ति को, देश हित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। हमारा आत्मबल अजेय है। हमें आधी आबादी के सपनों के लिए, देश के भविष्य के लिए इस संकल्प को पूरा करना ही है।

बता दें कि देश में आगामी परिसीमन प्रक्रिया और संसदीय व विधानसभा सीटों के पुनर्गठन को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच बहस चल रही है। इसी संदर्भ में सीटों की संख्या, प्रतिनिधित्व और संवैधानिक संशोधनों से जुड़े पहलू प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं, जिनमें महिला आरक्षण व नारी शक्ति वंदन संशोधन जैसे मुद्दे भी सियासी विमर्श का हिस्सा बने हुए हैं।

राज्यों का प्रतिनिधित्व और उत्तर-दक्षिण संतुलन

दशकों से सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना पर आधारित रहा है ताकि जनसंख्या नियंत्रण करने वाले राज्यों को राजनीतिक नुकसान न हो। परिसीमन और सीटों के पुनर्गठन पर दक्षिणी व कम जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों को चिंता है कि जनसंख्या आधारित बदलाव से संसद में उनकी हिस्सेदारी और राजनीतिक वजन घट सकता है, जबकि अधिक जनसंख्या वृद्धि वाले राज्यों की सीटें बढ़ सकती हैं।

प्रस्तावित ढांचे में लोकसभा की अधिकतम क्षमता 850 तक ले जाने और चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से खींचने की बात आई, जिस पर विपक्ष ने चुनावी नक्शे में हेरफेर (जेरीमैंडरिंग) और सत्ता पक्ष को संभावित राजनीतिक लाभ मिलने की आशंका जताई।

महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ना

विवाद का एक बड़ा हिस्सा 33% महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने को लेकर रहा। विपक्ष का तर्क है कि महिला आरक्षण को परिसीमन की शर्त से अलग किया जाना चाहिए और जनगणना के आंकड़ों पर जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए, जबकि सरकार ने इसे समय पर लागू करने की आवश्यकता बताई और विपक्ष पर दोहरे रुख का आरोप लगाया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article