Ganesh Chaturthi 2022 Recipe: गणेश चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं नारियल के लड्डू के भोग, मिनटों में होंगे तैयार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 23, 2022, 01:44 PM IST

Ganesh Chaturthi 2022 Recipe Tips: हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव 31 अगस्त को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन भगवान गणेश जी की विधि विधान से पूजा करने के बाद उन्हें कई व्यंजनों का भोग लगया जाता है। इनमें से एक व्यंजन नारियल का लड्डू है, जिससे गणपति बप्पा को बेहद प्रसन्न होते हैं।

Ganesh Chaturthi 2022 Recipe: गणेश चतुर्थी पर बप्पा को लगाएं नारियल के लड्डू के भोग, मिनटों में होंगे तैयार

Nariyal Ke Ladoo Recipe on Ganesh Chaturthi 2022: हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन से गणेश उत्सव की शुरुआत होती है। यह उत्सव 10 दिनों तक चलता है और इस उत्सव के दौरान लोग घर में गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करते हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल गणेश चतुर्थी का उत्सव 31 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन लोग गणपति जी की विधि विधान से पूजा करते हैं और उन्हें तमाम तरह के भोग लगाते हैं। इन्हीं में से एक भोग है नारियल के लड्डू। भगवान गणेश जी नारियल के लड्डू से बेहद प्रसन्न होते हैं। भगवान गणेश जी को आप नारियल के लड्डू का भोग लगाकर उन्हें प्रसन्न कर सकते हैं। इसे घर पर बनाना बेहद आसान है। आइए जानते हैं नारियल के लड्डू बनाने की सरल रेसिपी के बारे में..

नारियल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री

नारियल के लड्डू बनाने के लिए रवा यानी सूजी, नारियल पाउडर, किशमिश, काजू और चिरौंजी, बूरा, गर्म किया हुआ दूध, आवश्यकतानुसार घी, चीनी सामग्री की जरूरत पड़ेगी।

नारियल के लड्डू बनाने की विधि

नारियल के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में हल्का घी डालकर मेवा को हल्का सा भून लें। इससे मेवा जल्दी खराब नहीं होंगे। इसके बाद एक बर्तन में आवश्यकतानुसार घी डालें और सूजी डालकर हल्की आंच पर भूनें। जब भुनने की खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें और सूजी को एक थाली में निकाल लें। ध्यान रहें कि रवा तब तक ही भूने जब तक उसका रंग भूरा न हो जाएं। अब उसी बर्तन में नारियल पाउडर डालकर हल्का सा भून लें। ध्यान रहें कि नारियल को ज्यादा न भूने क्योंकि नारियल जल्दी खराब होने का डर होता है। फिर सारी चीजों को थोड़ी देर ठंडा होने के लिए रख दें। जब सारी चीजें ठंडी हो जाएं, तब इसमें बूरा डालकर सारी चीजों को मिक्स करें। थोड़ा सा नारियल का पाउडर बचा लें।

हल्का सॉफ्ट बनाएं मिश्रण

इसके बाद हल्की हल्की मात्रा में दूध डालें और फिर इस मिश्रण को ऐसा बनाएं कि ये मुट्ठी में आने पर बंधने लगे। यानी बिखरे नहीं और लड्डू का रूप लेने लायक हो जाए। ध्यान रहें मिश्रण न बहुत सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा मुलायम, वरना ये हलवे जैसा रूप ले लेगा।

पहले गणेश जी को लगाएं भोग

अब इस मिश्रण से गोल आकार के लड्डू बनाएं। जब सारे लड्डू बन जाएं तब इन्हें नारियल के बचे हुए पाउडर ऊपर से डालें। ऐसे आपका नारियल लड्डू तैयार हो जाएगा। अब इन लड्डुओं से पहले गणपति जी को भोग लगाएं और फिर पूजा के बाद सबको प्रसाद के रूप में सर्व करें।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!