Ranchi Road Accident: रांची में बेलगाम रफ्तार का कहर, पिकअप ने दो युवकों को कुचला, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 9, 2022, 07:28 PM IST

Ranchi Road Accident: रांची में बेलगाम रफ्तार ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। रांची-टाटा मार्ग पर पुआल गोदाम ओवरब्रिज पर पिकअप और बाइक की सीधी टक्कर में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद दोनों के परिजनों को कॉल करके सूचना दी गई। इसके अतिरिक्त एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार वृद्ध घायल हो गया।

Ranchi Road Accident: रांची में बेलगाम रफ्तार का कहर, पिकअप ने दो युवकों को कुचला, पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज
Photo Credit: ANI

Ranchi News: रांची में सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। तेज रफ्तार वाहन लोगों की जान ले रहे हैं। अब रांची-टाटा मार्ग पर पुआल गोदाम ओवरब्रिज पर पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बुंडू प्रखंड के हुमटा बारूहातू के रहने वाले थे। इनकी पहचान 32 वर्षीय गणेश महतो और 27 वर्षीय बासुदेव महतो के रूप में हुई है। 

यह दोनों अपनी बाइक पर सवार होकर रड़गांव की तरफ से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तमाड़ ओवरब्रिज पुआल गोदाम के पास रांची से टाटा की तरफ जा रही पिकअप वैन से टक्कर हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जबकि वाहन को जब्त करके थाना ले गई। 

बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर

वहीं, रांची के चान्हो थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-डालटनगंज मार्ग पर चान्हो चौक के पास एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। कोका निवासी 60 वर्षीय साहेब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका प्राथमिक इलाज कराया गया। फिर रांची रेफर कर दिया गया। दुर्घटना को लेकर गंभीर रूप से घायल साहेब ने बताया कि, वह चान्हो ब्लॉक गेट के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान लातेहार से हजारीबाग जा रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें उनके सिर और पैर में गहरी चोट लगी है। चान्हो थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे का कहना है कि, अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। 

दोनों घटनाओं में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस दोनों सड़क दुर्घटनाओं में आरोपी वाहन चालक को पकड़ने के लिए मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के माध्यम से वाहन की जानकारी होने पर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल दोनों हादसों में पुलिस के हाथ सुराग नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि, बहुत जल्द आरोपी वाहन चालकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!