Ranchi News: झारखंड का विचित्र डॉक्‍टर, सर्जरी के दौरान अपेंडिक्स की जगह काट दी आंत, डॉक्‍टर गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 31, 2022, 11:30 PM IST

Ranchi News: झारखंड के गढ़वा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक डॉक्‍टर ने अपेंडिक्स की सर्जरी के दौरान एक महिला की आंत काट दी। जिससे लंबे समय तक चले इलाज के बाद महिला की मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने मामले की जांच करने के आरोपी डॉक्‍टर के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Ranchi News: झारखंड का विचित्र डॉक्‍टर, सर्जरी के दौरान अपेंडिक्स की जगह काट दी आंत, डॉक्‍टर गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Ranchi News: झारखंड में ऑपरेशन से हुई मौत का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला के अपेंडिक्स के ऑपरेशन के दौरान डॉक्‍टर ने उसकी आंत ही काट दी, जिससे महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए चिकित्सक सह हॉस्पिटल संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में गढ़वा जिले के भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एमओआईसी डॉ.दिनेश कुमार ने खरौंधी स्थित कादरी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. एनुल हक के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार, गिरफ्तार डॉ. एनुल हक पर अनधिकृत रुप से अस्पताल का संचालन करने और गलत सर्जरी कर 32 वर्षीय संगीता यादव की मौत का आरोप था। इस मामले की जांच श्रीबंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी एवं सिविल सर्जन गढ़वा द्वारा की गई थी। जांच के दौरान डॉ. एनुल हक पर जानबूझकर तथ्यों को छिपाने, जांच में सहयोग नहीं करने व गुमराह करने और झोलाछाप डॉक्‍टरों से मरीजों का ऑपरेशन करा उनकी जान से खिलवाड़ करने का मामला सामने आया। जिसके बाद यह मामला दर्ज किया गया।

यह है पूरा मामला

एमओआईसी डा. दिनेश कुमार ने बताया कि, यूपी के सोनभद्र जिले के गांव डुबवा टोला की संगीता यादव 32 वर्ष को पेट में दर्द की शिकायत होने पर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच के बाद उक्त हॉस्पिटल के संचालक ने 22 फरवरी को महिला के अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया था। जिसके बाद बाद महिला की स्थिति बिगड़ती चली गई। इसके बाद वाराणसी के डीएनएस हॉस्पिटल में जांच के दौरान सामने आया कि महिला का ऑपरेशन करने के दौरान आंत काट दी गई। वाराणसी के हॉस्पिटल में लंबा इलाज चलने के बाद भी 12 अप्रैल 2022 को संगीता यादव की मौत हो गई। इसके बाद स्वजनों ने स्‍वास्‍थ्‍य विभाग को गलत ऑपरेशन की जानकारी दी। जिसके बाद स्‍वास्‍थ्‍य विभाग ने पूरे मामले की जांच कर दोषी मानते हुए अब आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!