murder in ranchi: रांची में महिला को डायन बताकर उतारा मौत के घाट, देवरानी पर ही लगा हत्या का आरोप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 23, 2022, 09:32 PM IST

ranchi police: राजधानी में अंधविश्वास की बलि एक और महिला चढ़ गई। देवरानी ने ही महिला की हत्या कर दी। घटना शनिवार की सुबह 6 बजे की है। ग्रामीणों ने पुलिस को फोन करके सूचना दी, जिसके बाद पुलिसबल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

murder in ranchi: रांची में महिला को डायन बताकर उतारा मौत के घाट, देवरानी पर ही लगा हत्या का आरोप
Photo Credit: Representative Image

Crime in ranchi: रांची जिले में अंधविश्वास खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। यहां अंधविश्वास रिश्तों पर भारी पड़ गया। इसी के चलते शनिवार की सुबह एक देवरानी ने अपनी जेठानी की हत्या कर दी। आरोपी महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घटना नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत सरवल जामुन टोली की है। यहां बासो देवी ने अपनी चचेरी जेठानी सीमा देवी की हत्या डायन बिसाही के आरोप में कर दी। उसने लोहे के साब्बल से मारकर सीमा को मौत के घाट उतार दिया।

ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनी तो दौड़कर सीमा के घर पहुंचे, जहां उसे जमीन पर खून से लथपथ पाया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को फोन करके घटना की सूचना दे दी। ग्रामीणों के अनुसार सीमा देवी अपने घर के पास हैंडपंप पर बर्तन धो रही थी। इस दौरान आरोपी देवरानी वहां पहुंची और उसने साब्बल से सीमा के सिर पर हमला कर दिया। आरोपी ने कई बार साब्बर सीमा के सिर पर मारे, जिससे महिला का सिर क्षत-विक्षत हो गया और चारों ओर खून फैल गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया साब्बल बरामद कर लिया है।

आरोपी बोली-जादू-टोना करती थी जेठानी

आरोपी बासो देवी ने पुलिस से कहा है कि उसकी चचेरी देवरानी सीमा देवी जादू-टोना किया करती थी। इस कारण से पिछले कुछ साल से उसकी बेटी, सीमा की भी बेटी और परिवार के कई सदस्यों की मौत हो चुकी है। बासो ने कहा कि सीमा हर रात बिना कपड़ों के पूजा किया करती थी, जिससे बासो का बेटा देवेंद्र एक महीने से बीमार चल रहा है। बेटे की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। उसने बताया कि शुक्रवार की रात उसका बेटा देवेंद्र बिना किसी को कुछ कहे घर से कहीं दूर चला गया। तब उसे लगा की सीमा ने ही उसके बेटे के साथ कुछ कर दिया है। इससे वह तनाव में रात भर सो नहीं सकी। 

पांच साल पहले भी हुआ था विवाद

आरोपी महिला के अनुसार सीमा की ओर से जादू-टोना करने को लेकर पांच साल पहले भी विवाद हुआ था। तब पंचायत और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मामले को शांत करवा दिया था। दोनों पक्षों की ओर से लिखित समझौता किया गया था। बासो का आरोप है कि समझौते के बाद भी सीमा नहीं मानी और जादू—टोना करती रही। इसलिए उसने उसे मार डाला। पूरी पूछताछ के दौरान आरोपी महिला एक ही बात पर अड़ी रही कि वो डायन है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!