राजस्थान

Jalore News: तेज रफ्तार कार ने 5 मनरेगा मजदूरों को कुचला, 2 महिलाओं की मौत, 3 साल का मासूम गंभीर रूप से घायल

राजस्थान में जालोर के सामतीपुरा रोड पर तेज रफ्तार कार ने 5 मनरेगा श्रमिकों को कुचल दिया, जिसमें 2 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 3 साल के बच्चे को पाली रेफर किया गया है। घटना के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

जालौर में भीषण सड़क दुर्घटना, दो महिलाओं की मौके पर ही मौत

राजस्थान के जालोर शहर में आज यानी गुरुवार 4 दिसंबर को सामतीपुरा रोड पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने 5 मनरेगा श्रमिकों को कुचल दिया, जिनमें 2 महिला श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस भीषण एक्सीडेंट में घायल 3 साल के एक बच्चे को गंभीर हालत में पाली रेफर किया गया है। 2 अन्य घायल महिलाओं का जालोर के सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है।

तेज रफ्तार कार श्रमिक महिलाओं पर चढ़ गई

जानकारी के अनुसार यहां नगर परिषद की तरफ से मनरेगा का कार्य कराया जा रहा था। यह महिलाएं सामतीपुरा रोड पर काम कर रही थीं। सभी श्रमिक बाबा रामदेव जी महाराज के मंदिर में भोजन कर कार्य स्थल की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान सामतीपुरा की तरफ से आई तेज रफ्तार स्विफ्ट कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे बैठी 4 महिलाओं व एक बच्चे को कुचलते हुए एक पेड़ से जा टकराई।

एक्सीडेंट में मृतक और घायलों के नाम?

इस सड़क हादसे में जिन महिलाओं की मौत हुई, उनकी पहचान बदामी (50) पत्नी सुजाराम भील निवासी तासखाना बावड़ी और गुगी देवी (45) पत्नी भंवरलाल भील निवासी तासखाना बावड़ी के रूप में हुी है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों में इंद्रा (45) पुत्री विरमाराम भील, धीरज कुमार (3) पुत्र विरमाराम, लीला (48) पुत्री फूटरमल शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से जालोर के सामान्य चिकित्सालय में पहुंचाया गया था।

ड्राइवर फरार, पुलिस जांच शुरू

सड़क हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाएं अपना सामान नीम के पेड़ के पास रख रही थीं, तभी कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना के बाद जालोर डीएसपी गौतम जैन, कोतवाल रामेश्वर लाल, जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे और तहसीलदार रणवीर सिंह ने घटना स्थल व अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया और घायलों व परिजनों से बातचीत की।

तेज रफ्तार और लापरवाही ने जालोर में दो परिवारों से उनकी कमाने वाली महिलाओं को छीन लिया और एक मासूम बच्चे की जिंदगी भी खतरे में डाल दी। पुलिस अब ड्राइवर की तलाश में जुटी है, ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article