Pune Rape Case: पुणे में फिर शर्मसार घटना, घूमने आई विवाहिता के साथ बस ड्राइवर ने की हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 14, 2022, 08:50 PM IST

Pune Rape Case: महाराष्ट्र के पुणे से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां अपने पति के साथ घूमने आई विवाहिता के साथ बस के ड्राइवर ने रेप किया है।

Pune Rape Case: पुणे में फिर शर्मसार घटना, घूमने आई विवाहिता के साथ बस ड्राइवर ने की हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Pune Rape Case: महाराष्ट्र के पुणे से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता के साथ ट्रैवलिंग वाली बस के ड्राइवर ने रेप किया। विवाहिता अपने पति के साथ बस में थी और वारदात के समय उसका पति कुछ ही मिनट के लिए बस से बाहर निकला था। इतनी देर में ही बस ड्राइवर ने बस को चला दिया और विवाहिता को किडनैप कर ले गया। जिसके बाद उसे हैवानियत का शिकार बनाया। पुणे पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार, 21 साल की पीड़िता अपने पति के साथ वाशिम से घूमने के लिए पुणे पहुंची थी। दोनों को पहुंचने में रात हो गई और रुकने के लिए होटल ढूंढ रहे थे। बस ड्राइवर ने चालाकी से पहले रात में होटल न मिलने की बात कही और फिर अपनी बस में ही दोनों को रात को रुकने के लिए बोला। ज्यादा रात को देखते हुए दोनों पति-पत्नी ने बस में रुकना सुरक्षित समझा और वहां ही पीछे की ओर जाकर आराम करने लगे। 

वॉशरूम गया था पति

रात के दौरान ही महिला का पति वॉशरूम जाने के लिए बस से नीचे उतरा। ड्राइवर ने मौका देख, महिला के पति के नीचे उतरते ही बस को स्टार्ट किया और वहां से पीड़िता को जबरन बंधक बनाकर फरार हो गया। जिसके बाद महिला से स्वारगेट बस स्टेशन के पास रेप किया गया। इसके बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा तो वह उसे कटराज इलाके में ले गया और जाकर उसके साथ फिर जबरदस्ती की। 

आरोपी बस ड्राइवर गिरफ्तार

वहीं पति अचानक ऐसा मामला देख घबरा गया और पहले तो खुद बस को ढूंढना शुरू किया। लेकिन जब बस नहीं नजर आई तो उसने सीधा पुलिस से संपर्क साधा। दूसरी ओर आरोपी चलती बस से पीड़िता को धक्का देकर फरार हो गया। पीड़िता ने मिलते ही सारी आपबीती बताई। जिसके बाद पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!