ये तो हम बचपन से पढ़ते आए हैं कि इस धरती पर सात महाद्वीप हैं। जिन पर दुनिया के सारे देश बसे हुए हैं। अब सवाल ये है कि इनमें से कौन से द्वीप पर सबसे ज्यादा देश बसे हुए हैं।
यकीनन यह सवाल थोड़ा पेचीदा है, हो सकता है कि आपमें से कई लोगों को इसका जवाब पता हो लेकिन आपको बता दें कि अधिकतर लोगों को इसका जवाब आज भी नहीं पता, तो चलिए आज हम इसी सवाल का जवाब आपको देते हैं।
बता दें कि ये दुनिया जिन सात महाद्वीपों में बंटी हुई है, उनमें एशिया, अफ्रीका, यूरोप, उत्तरी अमेरिका, दक्षिणी अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और अंटार्कटिका शामिल हैं। इनमें से सबसे अधिक देशों वाला महाद्वीप अफ्रीका है। जहां कुल 54 देश बसे हुए हैं।
इतने देश दूसरे किसी भी महाद्वीप पर नहीं हैं। अफ्रीका में इतने ज्यादा देशों के होने के पीछे कई वजहें भी हैं। जैसे अफ्रीका के बड़े हिस्से पर काफी लंबे समय तक यूरोपीय देश ब्रिटेन, फ्रांस, पुर्तगाल और बेल्जियम का शासन रहा।
अफ्रीका के बड़े हिस्से के आजाद होने के बाद सीमाओं का बंटवारा हुआ और कई सीमाएं बना दी गईं। जिससे बहुत सारे देश बने। इसके अलावा, एक वजह यह भी है कि अफ्रीका में सैकड़ों भाषाएं और अलग-अलग संस्कृतियां हैं, जिनके आधार पर अलग राष्ट्र बने।
अफ्रीका सिर्फ देशों की संख्या में ही आगे नहीं है, बल्कि यह महाद्वीप भाषाई, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता के लिए भी जाना जाता है। यहां दुनिया का सबसे बड़ा रेगिस्तान, सहारा, लंबी नदियां, घने जंगल और अनोखे वन्यजीव पाए जाते हैं।
अफ्रीका के बाद सबसे ज्यादा देश एशिया में हैं। इस महाद्वीप पर लगभग 49 देश हैं। इसके बाद नंबर आता है यूरोप का, जिस पर लगभग 44 देश बसे हुए हैं। फिर उत्तरी अमेरिका में 23 देश शामिल हैं, जबकि दक्षिणी अमेरिका में कुल 12 देश हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया में कुल 14 देश हैं और अंटार्कटिका में कोई देश नहीं है। यहां केवल रिसर्च सेंटर्स बनाए गए हैं।