पीएम किसान योजना के तहत सरकार पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये देती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है, प्रत्येक किस्त 2,000 रुपये की होती है और यह सीधा किसानों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है। अब तक करीब 9 करोड़ से ज्यादा किसानों को योजना का लाभ मिल चुका है।
पिछली यानी 19वीं किश्त में करीब 9 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला था। इससे पहले 18वीं किश्त में भी इतनी ही संख्या में किसानों को पैसे मिले थे। इस बार भी उम्मीद है कि लाभार्थियों की संख्या करीब इतनी ही रह सकती है, लेकिन कुछ किसानों को नियमों के उल्लंघन या दस्तावेजों में गड़बड़ी के चलते राशि नहीं मिल पाएगी।
यदि आपने e-KYC पूरा नहीं किया है, तो आपके अकाउंट में पैसे नहीं आएंगे। इसके लिए आप नजदीकी CSC सेंटर, बैंक या pmkisan.gov.in वेबसाइट पर जाकर e-KYC प्रोसेस पूरी कर सकते हैं।
इसके अलावा, जिन किसानों के भू-स्वामित्व के दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड या वेरीफाइड नहीं हुए हैं, उनकी किस्त भी रोकी जा सकती है। सरकार ऐसे किसानों की पहचान भी कर रही है जिन्होंने गलत डॉक्यूमेंट के आधार पर लाभ उठाया है। ऐसे किसानों को सूची से बाहर किया जा रहा है।
अगर आपका बैंक अकाउंट, आधार कार्ड से लिंक नहीं है, तो ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है, जिससे आपको योजना का पैसा नहीं मिलेगा।
अगर आपको पीएम किसान योजना की किस्त नहीं मिली है या किसी तरह की तकनीकी परेशानी आ रही है, तो आप pmkisan-ict@gov.in ईमेल या हेल्पलाइन नंबर- 011-23381092 पर संपर्क कर सकते हैं। ये सभी सेवा माध्यम 24x7 किसानों की सहायता के लिए उपलब्ध हैं।