AC की कॉइल पर बर्फ जमने की सबसे आम वजह एयर फिल्टर का गंदा होना है। जब फिल्टर में धूल और मिट्टी जमा हो जाती है तो हवा का फ्लो कम हो जाता है। इससे कॉइल को पर्याप्त गर्म हवा नहीं मिल पाती और कॉइल का तापमान बहुत कम हो जाने से उस पर नमी जमकर बर्फ में बदलने लगती है।
अगर AC की इनडोर कॉइल लंबे समय से साफ नहीं की गई है तो उस पर धूल की परत जम सकती है। इससे गर्म हवा और ठंडी कॉइल के बीच सही तरीके से हीट एक्सचेंज नहीं हो पाता। नतीजा यह होता है कि कॉइल ज्यादा ठंडी होकर बर्फ जमा सकती है।
AC का ब्लोअर फैन सही तरीके से काम नहीं कर रहा है या उसकी स्पीड कम हो गई है तो कमरे की हवा सही मात्रा में कॉइल तक नहीं पहुंचती। ऐसे में भी कॉइल का तापमान गिर सकता है और बर्फ जमने की समस्या शुरू हो सकती है।
AC में गैस कम होने पर भी कॉइल पर बर्फ जम सकती है। जब रेफ्रिजरेंट का स्तर कम होता है तो सिस्टम का प्रेशर बदल जाता है और कॉइल जरूरत से ज्यादा ठंडी हो सकती है। हालांकि, हर बार बर्फ जमने का मतलब गैस लीक होना नहीं होता।
AC से निकलने वाला पानी ड्रेनेज पाइप के जरिए बाहर जाता है। अगर यह पाइप जाम हो जाए तो पानी जमा हो सकता है और कॉइल पर नमी बढ़ने से बर्फ बनने लगती है। इसलिए समय-समय पर ड्रेनेज सिस्टम की जांच जरूरी है।
कई लोग AC को लगातार 16 या 18 डिग्री तापमान पर चलाते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से कॉइल पर दबाव बढ़ सकता है और बर्फ जमने की संभावना बढ़ जाती है। बेहतर कूलिंग और कम बिजली खपत के लिए सामान्य तापमान पर AC चलाना फायदेमंद रहता है।
अगर AC की कॉइल पर बर्फ दिखे तो सबसे पहले AC बंद कर दें और पंखा मोड में कुछ समय चलाकर बर्फ पिघलने दें। इसके बाद एयर फिल्टर साफ करें और समस्या बनी रहने पर टेक्नीशियन से जांच करवाएं। बिना जांच के बार-बार गैस भरवाना सही समाधान नहीं है।