ई-पासपोर्ट एक आधुनिक पासपोर्ट है, जिसमें पारंपरिक कागजी पन्नों के साथ-साथ एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक चिप लगाया जाता है। इस चिप में आपके नाम, फोटो, उंगलियों के निशान और अन्य आवश्यक जानकारी डिजिटल रूप से सुरक्षित रहती है। इसे समझने के लिए आप इसे फोन के सिमकार्ड जैसा मान सकते हैं, जिसमें आपकी पूरी जानकारी संरक्षित रहती है।
पासपोर्ट की चिप में मौजूद जानकारी पूरी तरह से डिजिटल और सुरक्षित होती है। हवाई अड्डों पर मौजूद मशीनें इसे केवल एक सेकंड में पढ़ सकती हैं। चिप की जानकारी पर डिजिटल साइन होता है, जिससे कोई भी व्यक्ति इसे बदल नहीं सकता।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि पुराने पासपोर्ट अभी भी पूरी तरह से मान्य हैं। जब तक उनकी अवधि समाप्त नहीं होती, उन्हें इस्तेमाल किया जा सकता है। किसी भी व्यक्ति को तुरंत नया पासपोर्ट बनवाने की आवश्यकता नहीं है। केवल वही लोग ई-पासपोर्ट पाएंगे जो अपना पासपोर्ट रिन्यू करवाएंगे या नया बनवाएंगे।
पहले यह सुविधा केवल कुछ शहरों में शुरू हुई थी। अब धीरे-धीरे पूरे देश के सभी पासपोर्ट कार्यालयों में ई-पासपोर्ट बनाए जाने लगे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कुछ ही महीनों में हर जगह ई-पासपोर्ट की सुविधा उपलब्ध हो, ताकि किसी नागरिक को परेशानी न हो।
अमेरिका, ब्रिटेन, जापान जैसे कई देशों में ई-पासपोर्ट पहले से ही इस्तेमाल हो रहे हैं। अब भारत भी इस सूची में शामिल हो गया है।