नेपाल प्रकृति, संस्कृति, और इतिहास का अनोखा संगम है। चाहे आप नेचर लोवर हैं या एडवेंचर के शौकीन हैं, नेपाल में आपको हर तरह की चीजें करने को और देखने को मिलेंगी। शहर के शोर-शराबे से दूर यहां आज भी कुछ ऐसी जगहें मौजूद हैं जो दिल को सुकून और जिंदगी को नया अनुभव देती हैं। इन जगहों के नाम इस प्रकार से हैं।
काठमांडू के पास स्थित रानीवन एक अत्यंत ही शांत स्थान है। हरे-भरे जंगलों और जीवंत वनस्पतियों से घिरा ये स्थान प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां की ताजी हवा, पक्षियों की मधुर चहचहाहट और प्राकृतिक सौंदर्य किसी को भी मंत्रमुग्ध कर सकते हैं। शहरी जीवन की हलचल से दूर, ये जगह ध्यान, योग और मानसिक शांति के लिए भी उपयुक्त मानी जाती है।
पशुपतिनाथ मंदिर के पास मौजूद आर्य घाट नेपाल के सबसे प्रमुख घाटों में से एक है। ये केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि एक ऐसा स्थान है जहां जीवन और मृत्यु का गूढ़ रहस्य देखने को मिलता है। यहां अंतिम संस्कार की विधियां संपन्न की जाती हैं, और ये स्थल हिंदू परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
देवी घाट नेपाल के नुवाकोट जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों में से एक है। ये त्रिशूली और नारायणी नदियों के संगम पर स्थित है, जो इसे और भी विशेष बनाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवी घाट कई रहस्यमयी घटनाओं और अनूठी कहानियों का साक्षी रहा है। शांत वातावरण और नदी के किनारे बसा ये स्थान दिल को सुकून देता है।
पोखरा में स्थित देवी फॉल, जिसे पाताले छांगो भी कहा जाता है, एक अद्भुत वाटर फॉल है। ये वाटर फॉल अपनी रहस्यमयी धारा और अनूठी प्राकृतिक संरचना के लिए प्रसिद्ध है। बरसात के मौसम में इसका प्रवाह और भी तेज हो जाता है, जिससे इसकी सुंदरता और भी बढ़ जाती है।
माउंट एवरेस्ट दुनिया की सबसे ऊंची चोटी है, और उसका बेस कैंप एडवेंचर प्रेमियों के लिए एक सपना सच होने जैसा है। बेस कैंप तक की यात्रा कठिन लेकिन अविस्मरणीय होती है, जहां रास्ते में बर्फीली चोटियां और अनोखी स्थानीय संस्कृति देखने को मिलती है। ये ट्रेकिंग का एक रोमांचक अनुभव होता है, जो साहस और धैर्य की परीक्षा लेता है।
लुम्बिनी वो पवित्र स्थान है जहां भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। ये बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए एक अत्यंत ही महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल है। यहां मायादेवी मंदिर, प्राचीन स्तंभ और विभिन्न देशों द्वारा बनाए गए बौद्ध मठ दर्शनीय प्रमुख स्थल हैं। लुम्बिनी में एक आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया जा सकता है, जो इसे दुनिया भर के यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाता है।