मानसून के विदा लेते ही जैसे ही ठंड का मौसम दस्तक देता है वैसे ही टूरिस्ट के मन में सबसे पहला सवाल ये आता है कि बर्फ कहां गिरेगी। भारत के स्वर्ग कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है जिसने वहां के माहौल को और भी ज्यादा लुभावना बना दिया है।
कश्मीर के सोनमर्ग में बालटाल अक्ष पर कालीमठ क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। तापमान में अचानकर गिरावट आने के बाद हुई इस बर्फबारी के चलते वहां का नजारा देखते ही बनता था।
बर्फबारी के नजारे तो आपको मंत्रमुग्ध करते ही हैं लेकिन अगर बर्फबारी के साथ ही बारिश भी हो जाए तो नजारा स्वर्ग सा बन जाता है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में बारिश भी हुई है।
कालीमठ मंदिर, नुर्वे सागर, गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग की यात्रा करते हुए आप यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकते हैं। यहां के पहाड़, सफेद चादर में लिपटी घाटियां और जलाशय का नजारा देखते ही बनता है।
कालीमठ क्षेत्र में जाकर अगर आप भी मंत्रमुग्ध कर देने वाले नजारे का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको श्रीनगर एयरपोर्ट या फिर उधमपुर या जम्मू तवी रेलवे स्टेशन आना होगा। यहां से टैक्सी या बस लेकर आप इस सुंदर जगह पर पहुंच सकते हैं।
अगर आपने कश्मीर जाने का मन बना ही लिया है तो अपनी यात्रा समय के अनुसार उपयुक्त कपड़े साथ में जरूर ले लें। कश्मीर का मौसम बदलता रहता है ऐसे में पहले से सारी तैयारी करना उचित होता है।