अगर आप मई में विदेश घूमने का प्लान कर रहे हैं तो अजरबैजान की यात्रा आपके लिए परफेक्ट हो सकती है। हर साल लाखों की संख्या में भारतीय पर्यटक अजरबैजान घूमने जाते हैं। आइए जानते हैं कि क्या मई के महीने में आप ट्रिप प्लान कर सकते हैं और इसके साथ ही ट्रिप में कितना खर्चा आएगा।
मई का महीना अजरबैजान घूमने के लिए पीक सीजन माना जाता है। मई में यहां का तापमान लगभग 18 से 26 डिग्री के बीच रहता है। इस समय यहां का मौसम ना ज्यादा ठंडा रहता है और ना ही बहुत गर्म।
मई के महीने में यहां की प्राकृतिक सुंदरता देखते ही बनती है। हरियाली और खिले हुए फूल इस जगह को खास बना देते हैं। वहीं ट्रेकिंग और रोमांच के लिए आप गबाला और शेकी क्षेत्र की यात्रा कर सकते हैं।
दिल्ली से अजरबैजान की राजधानी बाकू के लिए तकरीबन ₹28 हजार से ₹45 हजार तक के खर्चे के बीच आपको राउंड ट्रिप टिकट मिल जाएगा। वीकेंड और छुट्टियों में किराया बढ़ जाता है टिकट बुक करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें। अजरबैजान के लिए डायरेक्ट फ्लाइट कम हैं इसलिए आपको दुबई, अबू धाबी या दोहा होकर वहां पहुंचना होगा।
2 हजार से 4 हजार प्रति रात की कीमत पर आपको आराम से अजरबैजान में बजट होटल मिल जाएगा। अगर आप 5 दिन की ट्रिप प्लान करते हैं तो होटल का खर्चा 20 से 25 हजार तक जा सकता है।
खाने-पीने के लिए आप स्ट्रीट फूड और लोकल कैफे का चुनाव कर सकते हैं जिससे आपका खर्च काफी कम हो सकता है। ₹500 से ₹1,000 में आपको लोकल रेस्टोरेंट में एक टाइम का खाना मिल जाएगा।
नाइटलाइफ और बीच का मजा लेने के लिए बाकू जाएं इसके अलावा पहाड़, झरने और एडवेंचर एक्टिविटीज के लिए गबाला की यात्रा ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। फ्लेम टावर्स, गोबुस्तान के मड वोल्केनो और शादाग माउंटेन रिजॉर्ट में स्कीइंग का आनंद ले सकते हैं।
भारतीय पर्यटकों को यहां का ई-वीजा आसानी से मिल जाता है। ई-वीजा फीस लगभग ₹2 हजार से ₹4 हजार है। प्रोसेसिंग टाइम- 3 से 5 दिन का समय लगता है। ध्यान दें कि वीजा प्राप्त करने के लिए पासपोर्ट की वैलिडिटी कम से कम 6 महीने होनी चाहिए।