महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है और अब वो खिलाड़ी के रूप में मैदान पर नजर कभी नहीं आएंगे। हालांकि, धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के डगआउट में जरूर दिखेंगे क्योंकि उनको मेंटर (मार्गदर्शक) की भूमिका में चेन्नई ने अपने साथ बरकरार रखा है। सवाल ये है कि आखिर धोनी ने संन्यास का ऐलान क्यों किया। जानते हैं इसके 5 बड़े कारण।
धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है और इसका सबसे बड़ा कारण है उनकी इंजरी। आने वाले समय में भी वो आईपीएल खेल सकते थे लेकिन दो साल पहले घुटने में आई समस्या ने उनका साथ नहीं छोड़ा और पिछले सीजन में भी वो लगातार इससे परेशान रहे। ऐसे में सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर या फिर एक-दो मैचों के लिए उपलब्ध रहना सीएसके के हित में नहीं था।
उम्र एक बड़ी वजह हमेशा से ही मानी जाती रही है कि धोनी संन्यास ले सकते हैं और अब जब उन्होंने संन्यास का ऐलान किया है, तब वो 45 साल के हैं। इस उम्र में किसी भी खिलाड़ी, खासतौर पर विकेटकीपर के लिए लगातार पूरा सीजन खेलना आसान नहीं होता।
जब चेन्नई सुपर किंग्स में पिछली बार संजू सैमसन को ट्रेड करके राजस्थान रॉयल्स से भारी-भरकम रकम में लाया गया था, तभी ये तय हो गया था कि विकेटकीपर के लिए चेन्नई ने अपना भविष्य का खिलाड़ी तैयार कर लिया है। अब जब चेन्नई के पास संजू के रूप में मजबूत विकेटकीपर विकल्प मौजूद था तो उनका संन्यास लेना और आसान हो गया।
धोनी के संन्यास की चौथी बड़ी वजह है उनका फॉर्म। विकेटकीपर के रूप में वो हमेशा ही शानदार रहे हैं लेकिन एक बल्लेबाज के रूप में उनका फॉर्म पिछले कई सालों से चिंता का विषय रहा है, जो टीम में एक अहम बैटिंग पोजीशन को पूरी तरह से ब्लॉक कर रहा था।
चेन्नई सुपर किंग्स को किसी ना किसी दिन धोनी से आगे और भविष्य के बारे में सोचना ही था। चेन्नई सुपर किंग्स ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में भी इस बात का जिक्र साफ तौर पर किया है कि युवा ब्रिगेड तैयार करने में धोनी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। यानी नए खिलाड़ियों के लिए अब चेन्नई सुपर किंग्स में रास्ता खुलता जाएगा और आने वाले समय में हम एक फ्रेश CSK टीम देख सकते हैं।
धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे लोकप्रिय सितारे रहे हैं। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भी कई रिकॉर्ड और नाम कमाया, लेकिन इसमें कभी कोई शक नहीं रहा कि एक खिलाड़ी जो प्रैक्टिस सेशन में भी मैदान में हजारों की भीड़ एकत्रित करने का दम रखता था, वो धोनी ही थे। माही को उनकी नई भूमिका में देखना भी दिलचस्प होगा।