घूमने-फिरने का शौक रखने वाले हमेशा से ही किसी ऐसी जगह की तलाश में रहते हैं जहां एडवेंचर भी हो सके। हम आपको बिहार में मौजूद ऐसे गांव के बारे में बताने जा रहे हैं जहां आप जाने का प्लान कर सकते हैं।
हम बात कर रहे हैं बिहिआइन गांव की जो गया जिले में स्थित है। इस गांव से जुड़ी अनोखी बात ये है कि यहां पूरा गांव निरामिष यानि शाकाहारी है। यहां तक इस गांव में जो नई नवेली दुल्हन आती है वो भी पूरी तरह से निरामिष हो जाती है।
बिहिआइन गांव में ये परंपरा सदियों से चली आ रही है। तकरीबन 400 की आबादी वाले इस गांव में बुजुर्ग हो या युवा पीढ़ी हर कोई इस परंपरा को निभाता आ रहा है।
मान्यता है कि यहां ब्रह्म स्थान विराजमान है। ब्रह्म बाबा के कोप से बचने के लिए इस गांव के लोग मांस के सेवन से दूर रहते हैं। 300 से अधिक सालों से गांव में किसी ने भी मांसाहार का सेवन नहीं किया है। यह गांव पूरी तरह से वैष्णव है।
मान्यता है कि 300 साल से भी अधिक समय से ब्रह्म बाबा गांव वालों की सुरक्षा करते हैं। ब्रह्म बाबा का पिंड स्वरूप आज भी गांव में बना हुआ है।
मीट मांस और अंडा के अलावा यहां प्याज, लहसुन भी पूरी तरह से वर्जित है। शराब जैसी बुराइयों से भी गांव के लोग पूरी तरह से दूर रहते हैं।