भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो सका। अब क्रिकेट फैंस को इंतजार है जब दोनों टीमें इस 5 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में टकराएंगी। यहां हम आपको बताएंगे कि दूसरा टी20 मैच कब और कहां खेला जाएगा।
चेस्टर ली स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेले गए भारत-इंग्लैंड पहले टी20 मैच में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। भारत की तरफ से इस पारी में शुरुआत तो खराब रही और 6 रन पर 2 विकेट गिर गए थे। लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा (59 रन), कप्तान श्रेयस अय्यर (68 रन) और शिवम दुबे (नाबाद 42 रन) के बदौलत टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 189 रन बना लिए।
टीम इंडिया ने सम्मानजनक स्कोर बना दिया था और इस मैदान पर ये लक्ष्य हासिल करना इंग्लैंड के लिए आसान नहीं होता लेकिन भारत की पारी के अंत में ही बारिश शुरू हो चुकी थी, जो उसके बाद तेज होती गई, जिसके कारण इंग्लैंड की पारी संभव नहीं हो सकी और मैच रद्द हो गया।
पहला मैच रद्द होने के बाद सबको दूसरे टी20 मैच का इंतजार है। भारत और मेजबान इंग्लैंड क्रिकेट टीम के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मैच 4 जुलाई (शनिवार) को खेला जाएगा।
मेजबान इंग्लैंड और मेहमान टीम इंडिया के बीच होने वाला सीरीज का दूसरा टी20 मैच मैनचेस्टर के ऐतिहासिक ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया सीरीज की पहली जीत के इरादे से उतरेगी।
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक काफी देर से शुरू हुआ था। पहला टी20 मैच रात 10 बजे शुरू हुआ था जिसके लिए फैंस को पूरा मैच देखने के लिए देर रात तक जागना पड़ता। हालांकि दूसरा टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक शाम 7:00 बजे से होगा जिसका लुत्फ अधिकतर भारतीय फैंस उठा सकेंगे।
दूसरा टी20 मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड ग्राउंड पर होने वाला है। इस मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने आज तक सिर्फ दो टी20 मैच खेले हैं। साल 2011 में खेले गए पहले मैच में यहां इंग्लैंड ने भारत को 6 विकेट से हराया था। जबकि 2018 में यहां भारत ने दूसरी बार कोई टी20 मैच खेला और उस मैच में भारत ने हिसाब बराबर करते हुए मेजबान इंग्लैंड को 8 विकेट से हरा दिया था।