महेंद्र सिंह धोनी आज करोड़ों के मालिक हैं। अब वो साल में सिर्फ दो महीने आईपीएल में खेलते नजर आते हैं फिर भी उन पर पैसे लुटाने वालों की कमी नहीं है। आइए जानते हैं कि धोनी की पहली इंडियन प्रीमियर लीग सैलरी और कुल आईपीएल कमाई कितनी है।
माही के नाम से मशहूर रांची से निकले इस महान क्रिकेटर का आईपीएल से नाता उतना ही पुराना है जितना पुराना ये टूर्नामेंट। वो साल 2008 के पहले संस्करण में इससे जुड़े थे और अब 43 की उम्र में 18वें संस्करण के लिए तैयार हैं।
वैसे तो धोनी का पूरा आईपीएल सफर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ही रहा जिसको उन्होंने संयुक्त रूप से सर्वाधिक 5 आईपीएल खिताब भी जिताए, लेकिन जब बीच में दो साल के लिए चेन्नई सुपर किंग्स पर दो साल का प्रतिबंध लगा था तब वो राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स टीम का हिस्सा रहे थे। दो साल बाद दोबारा चेन्नई में लौट आए थे।
आईपीएल 2008 में जब इस लीग के लिए खिलाड़ियों की पहली नीलामी का आयोजन हुआ था तब धोनी उस सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। माही को चेन्नई सुपर किंग्स ने 6 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था।
धोनी ने आईपीएल 2008 से लेकर 2024 तक हर सीजन खेला है और इस दौरान उन्होंने तकरीबन 176 करोड़ 84 लाख रुपये सैलरी के जरिए कमाए। इसमें पुणे टीम के साथ दो साल तक उन्हें 12 करोड़ 50 लाख रुपये सैलरी मिली थी। उस कीमत को निकाल दें तो बाकी सारी कमाई उन्होंने CSK की सैलरी से की।
आईपीएल 2025 से पहले ही ये साफ हो गया था कि धोनी अब अनकैप्ड खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं क्योंकि नियमों के मुताबिक 5 साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहने वाले खिलाड़ी को अनकैप्ड खिलाड़ी घोषित किया जाता है। इसी वजह से धोनी को चेन्नई ने कुल 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया है।
कयास यही लगाए जा रहे हैं कि आईपीएल 2025 धोनी का अंतिम सीजन होगा। वो 43 साल के हो चुके हैं, घुटने की चोट से भी जूझते आए हैं। ऐसे में आगामी सीजन में भी वो इंपैक्ट प्लेयर की भूमिका में ज्यादा नजर आ सकते हैं इसलिए माना जा सकता है कि फैंस उनको आखिरी बार आईपीएल में खेलते देखेंगे।