IPL के 54वें मुकाबले में RCB ने बेहद ही रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस को 2 विकेट से हरा दिया। मुंबई से मिले 167 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने आखिरी गेंद पर हासिल किया। आरसीबी की इस जीत में आखिरी ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने छक्का लगाकर बड़ी भूमिका निभाई।
आरसीबी की जीत में क्रुणाल पांड्या की भूमिका बड़ी रही। उन्होंने आरसीबी की तरफ से सबसे ज्यादा 73 रन बनाए। उनके अलावा जैकब बेथल ने 27 रनों की पारी खेली। इन दोनों के अलावा जितेश शर्मा ने 18 और देवदत्त पड्डिकल ने 12 रनों की पारी खेली।
इस मैच में विराट कोहली गोल्डन डक आउट हो गए। उन्हें दीपक चाहर ने पहली गेंद पर आउट कर दिया। दीपक चाहर की गेंद पर विराट कोहली को राज बावा ने आउट किया। इसके साथ ही विराट कोहली ने एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
विराट कोहली इससे पिछले मुकाबले में भी जीरो पर आउट हुए थे। जब लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने उन्हें एक बेहतरीन गेंद पर बोल्ड कर दिया था। इस सीजन में यह लगातार दूसरा मैच है, जब विराट कोहली जीरो पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
विराट कोहली ने चार साल बाद यह शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले कोहली साल 2022 में लगातार दो मैचों में जीरो पर आउट होने का शर्मनाक रिकॉर्ड बना चुके हैं। तब वह लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीरो पर आउट हुए थे।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ इस मैच में वह दीपक चाहर की पहली गेंद पर ही आउट हो गए, जो उनके पल्ले नहीं पड़ी। विराट ने जैसे ही दीपक चाहर की पहली गेंद को ड्राइव करने की कोशिश की। उनकी टाइमिंग ठीक नहीं हुई। यह गेंद विराट की उम्मीद से ज्यादा उछाल पर थी, जो मिड ऑफ पर खड़े राज बावा के हाथों में समा गई।
विराट कोहली इससे पहले साल 2018 से 2025 सीजन के बीच एक भी बार रन चेज में जीरो पर आउट नहीं हुए थे। लेकिन इस सीजन वह लगातार दो रन चेज में जीरो पर पवेलियन लौट चुके हैं। पिछले मैच में प्रिंस यादव ने उन्हें बोल्ड करके सबको हैरान कर दिया था।
पिछले मैच से पहले विराट कोहली ऑरेंज कैप की लिस्ट में लगातार बने हुए थे। एक बार तो ऑरेंज कैप उनके पास पहुंच चुका था, लेकिन अब वह 377 रनों के साथ सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 10वें नंबर पर पहुंच गए हैं।