PAK vs SL: हाल ही में एशियन गेम्स के दौरान पाकिस्तान टी20 टीम के कप्तान बनाए गए ओपनर साहिबजादा फरहान ने अपने कप्तानी कार्यकाल के शुरुआती दौर में ही जमकर धमाल मचा रखा है। पहले एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीता और अब अपनी पहली टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज भी जीत ली। यही नहीं, उन्होंने भारत के अभिषेक शर्मा का बड़ा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां जानिए उनका नया वर्ल्ड रिकॉर्ड।
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला और दूसरा मुकाबला जीतकर मेजबान पाकिस्तान ने सीरीज अपने कब्जे में कर ली थी। तीसरे टी20 में उनकी नजर क्लीन स्वीप पर थी पर ऐसा हो नहीं पाया।
तीसरे टी20 मैच में पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी करने उतरा और अपने कप्तान साहिबजादा फरहान की 47 गेंदों में 76 रनों की तेज अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 168 रन बनाए।
इसके बाद जब श्रीलंकाई टीम जवाब देने उतरी तो उन्होंने अपने ओपनर्स के विकेट 74 रन के अंदर गंवा दिए थे। लेकिन कप्तान कुसल मेंडिस ने ऐसा खूंटा गाड़ा कि पाकिस्तान के गेंदबाज देखते रह गए। कुसल मेंडिस ने 48 गेंदों में नाबाद 87 रनों की पारी खेली। जबकि कमिंदु मेंडिस ने उनका साथ देते हुए 27 गेंदों में नाबाद 40 रन बनाए, जिसके बदौलत श्रीलंका ने 17.1 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार की वजह से पाकिस्तान के क्लीन स्वीप के इरादे पानी में मिल गए, फिर भी उन्होंने 2-1 से सीरीज जीत ली।
इस टी20 सीरीज में अपने घर में पहली बार कप्तानी करने उतरे साहिबजादा फरहान को 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने इस सीरीज में शानदार बल्लेबाजी की और तीनों ही मैचों में अर्धशतकीय पारियां खेलीं (89, 73 और 76 रन), जिसके साथ ही उन्होंने सीरीज में सर्वाधिक 238 रन बनाए।
वैसे अगर बात करें साल 2026 में आईसीसी के फुल मेम्बर सदस्य देशों में सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने की तो इस मामले में साहिबजादा अब भी तीसरे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में शीर्ष पर भारत के ईशान किशन (1122 रन), दूसरे नंबर पर भारत के अभिषेक शर्मा (921 रन), तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (697 रन) का नाम दर्ज है।
साहिबजादा फरहान ने इसी के साथ युवा भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा का एक खास वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ये है तीन टी20 मैचों की सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड। अभिषेक शर्मा ने इसी साल अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में 229 रन बनाकर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था, लेकिन अब ये रिकॉर्ड साहिबजादा के नाम दर्ज हो चुका है।