केएल राहुल की शानदार बल्लेबाजी आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में भी जारी रही। कोलकाता के खिलाफ इस मुकाबले में केएल राहुल ने सीजन का छठा अर्धशतक जड़ा और एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो आज तक कोई भी विकेटकीपर नहीं कर पाया था।
आईपीएल 2026 के आखिरी लीग मुकाबले में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 5 विकेट के नुकसान पर 203 रन का स्कोर खड़ा किया। दिल्ली की ओर से केएल राहुल सबसे सफल रहे जिन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली।
केएल राहुल ने इस मुकाबले में 30 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से 60 रन की पारी खेली। यह इस सीजन उनका छठा अर्धशतक था। इसके साथ ही राहुल के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड जुड़ गया।
आईपीएल के एक सीजन में 6 बार 50 प्लस स्कोर करने के मामले में केएल राहुल ने ऋषभ पंत और प्रभसिमरन सिंह की बराबरी कर ली। पंत ने 2018 में और प्रभसिमरन सिंह ने इसी सीजन यह कारनामा किया।
विकेटकीपर के तौर पर एक सीजन में केएल राहुल ने 6 फिफ्टी प्लस का स्कोर दूसरी बार किया। इससे पहले उन्होंने साल 2018 में भी 6 फिफ्टी प्लस स्कोर किया था।
इसके साथ ही केएल राहुल ने आईपीएल में इतिहास रच दिया। वह ऐसे पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं जिसने दो सीजन 6 फिफ्टी प्लस का स्कोर किया।
केएल राहुल ने इस सीजन 14 मैच में 45.62 की औसत से 593 रन बनाए। वो इस सीजन दिल्ली की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने इस दौरान 6 अर्धशतक जड़ा।
60 रन की इस पारी के साथ ही केएल राहुल ने बतौर सलामी बल्लेबाज 5,000 रन भी पूरे कर लिए।